Aarya Fashions: डॉ. आर.के. भारती ने महिलाओं को दिया आत्मनिर्भरता का मंत्र
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (12 अप्रैल 2026): हापुड़ के सललाई गांव में आर्या फैशन्स द्वारा आयोजित महिला प्रशिक्षण कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME-DI) के निदेशक डॉ. आर.के. भारती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को सरकारी योजनाओं, कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक किया और उन्हें संगठित होकर काम करने की प्रेरणा दी।
अपने संबोधन में डॉ. भारती ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए माता-पिता और गुरु का मार्गदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने महिलाओं को एकजुट होकर काम करने की सलाह देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती। उन्होंने आर्या फैशन्स की संस्थापक डॉ. खुशबू सिंह और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि वे महिलाओं की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने का सराहनीय कार्य कर रही हैं।

डॉ. भारती ने उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे छोटे स्तर से शुरू हुए ब्रांड आज वैश्विक पहचान बना चुके हैं। उन्होंने अमूल और लिज्जत पापड़ का उल्लेख करते हुए कहा कि छोटे प्रयास भी बड़े परिणाम दे सकते हैं। साथ ही उन्होंने “आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है” सिद्धांत को समझाते हुए महिलाओं को अपने हुनर को पहचानने और उसे व्यवसाय में बदलने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उन्होंने गुजरात की इंदु बहन ठाकरे की प्रेरणादायक कहानी साझा की, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में खाखरा बनाकर अपना व्यवसाय शुरू किया और आज वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई। इस उदाहरण के माध्यम से उन्होंने महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

डॉ. भारती ने कौशल विकास से जुड़े 170 से अधिक कोर्सेज की जानकारी देते हुए बताया कि महिलाएं अपनी रुचि के अनुसार प्रशिक्षण प्राप्त कर सकती हैं। प्रशिक्षण के बाद उन्हें प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा, जो रोजगार प्राप्त करने में सहायक होगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान स्टाइपेंड और टूलकिट भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिसका पूरा खर्च भारत सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री की विभिन्न योजनाओं के तहत पंजीकरण प्रक्रिया और ऋण सुविधाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंजीकरण के बाद महिलाएं 5% ब्याज दर पर एक लाख रुपये तक का ऋण प्राप्त कर सकती हैं, जिसे समय पर चुकाने पर दो लाख रुपये तक का ऋण भी मिल सकता है। वहीं, प्रधानमंत्री रोजगार योजना के अंतर्गत 50 लाख रुपये तक के ऋण पर 35% तक की सब्सिडी का प्रावधान भी है।

इसके अलावा, उन्होंने आर्टिजन कार्ड के महत्व को बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से महिलाएं विभिन्न स्तरों की प्रदर्शनियों में भाग लेकर अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचा सकती हैं। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य बड़ी संख्या में लोगों को प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ना है, और उनकी टीम इस दिशा में तेजी से काम कर रही है।
अंत में डॉ. भारती ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने भीतर की प्रतिभा को पहचानें और उपलब्ध अवसरों का सही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर बनने के लिए जरूरी है कि महिलाएं अपने कौशल को निखारें और उसे उद्यम में बदलने का साहस दिखाएं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।