फसल नुकसान का होगा सर्वे, किसानों को मिलेगा बीमा लाभ: डीएम मेधा रूपम

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (08/04/2026): जनपद गौतमबुद्ध नगर में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है।जिलाधिकारी मेधा रूपम (DM Medha Roopam) ने मंगलवार को क्षतिग्रस्त फसलों (Damage Crops) का निरीक्षण किया और संभावित नुकसान का सही आकलन करने तथा प्रभावित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने के लिए गांव स्तर पर सर्वे टीमों का गठन करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 14447 जारी किया।

प्रशासन द्वारा गठित इन टीमों में संबंधित गांव के लेखपाल, कृषि विभाग के अधिकारी तथा बीमा कंपनी के प्रतिनिधि शामिल किए गए हैं। इनका उद्देश्य फसल क्षति का पारदर्शी और सटीक आंकलन करना है, ताकि पात्र किसानों को समय पर मुआवजा मिल सके। किसानों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 14447 जारी किया है, जहां वे फसल नुकसान से जुड़ी जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

इसी क्रम में डीएम मेधा रूपम ने सदर तहसील के ग्राम इनायतपुर का दौरा कर गेहूं की फसल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने खेतों में क्रॉप कटिंग के माध्यम से उत्पादन का परीक्षण कराया। निरीक्षण के दौरान अलग-अलग खेतों में की गई कटाई में 22.230 किलोग्राम और 22.900 किलोग्राम उपज दर्ज की गई, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने किसानों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि फसल उत्पादन का सही आकलन बेहद जरूरी है, ताकि किसानों को सरकारी योजनाओं और बीमा का पूरा लाभ मिल सके।

इसके बाद कलेक्ट्रेट में कृषि विपणन एवं विदेश व्यापार विभाग के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें उत्तर प्रदेश कृषि निर्यात नीति-2019 के तहत जिले में क्लस्टर निर्माण को लेकर चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि जनपद में पहले से एक बासमती धान क्लस्टर संचालित है और एक नए क्लस्टर के गठन को भी मंजूरी दी गई है।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस योजना के तहत 50 हेक्टेयर क्षेत्र में क्लस्टर बनाकर यदि 30 प्रतिशत उत्पाद का निर्यात किया जाता है, तो संबंधित समूह को 10 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाता है। इसके अलावा कृषि उत्पादों के निर्यात पर परिवहन खर्च में भी सहायता प्रदान की जाती है।

डीएम मेधा रूपम ने निर्देश दिए कि जिले में बासमती धान के क्लस्टर को तेजी से विकसित किया जाए और किसानों को निर्यात से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जाएं।

इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, कृषि विशेषज्ञ, बैंक प्रतिनिधि और निर्यातक भी बैठक में मौजूद रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।