इंडिया रबर एक्सपो 2026 का भव्य आगाज़, 14 देशों की भागीदारी से वैश्विक मंच पर चमका भारतीय उद्योग

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (07 अप्रैल 2026): राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम (Bharat Mandapam) में एशिया की सबसे बड़ी रबर उद्योग प्रदर्शनी इंडिया रबर एक्सपो 2026 (India Rubber Expo 2026) का भव्य शुभारंभ हुआ। ऑल इंडिया रबर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (AIRIA) द्वारा आयोजित यह चार दिवसीय आयोजन 7 से 10 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश के उद्योग जगत के दिग्गज, नवाचारकर्ता और निवेशक एक मंच पर एकत्र हुए हैं। उद्घाटन समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया।

“Innovate, Connect, Transform” थीम पर आधारित यह आयोजन रबर और संबद्ध उद्योगों में नवाचार, सहयोग और औद्योगिक विकास को नई दिशा देने का प्रयास कर रहा है। इस वर्ष प्रदर्शनी में 400 से अधिक प्रदर्शक (Exhibitors) हिस्सा ले रहे हैं, जबकि 45,000 से अधिक आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। करीब 26,000 वर्ग मीटर में फैला यह आयोजन अब तक के सबसे बड़े संस्करणों में शामिल हो गया है, जहां रबर उद्योग की पूरी वैल्यू चेन (Value Chain) को प्रदर्शित किया जा रहा है।

एक्सपो में कच्चे माल, मशीनरी, इलास्टोमर, केमिकल्स, तैयार उत्पाद और अत्याधुनिक प्रोसेसिंग तकनीकों (Processing Technologies) का व्यापक प्रदर्शन किया जा रहा है। इससे उद्योगों को नई तकनीकों और वैश्विक व्यापार अवसरों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

इस बार 14 देशों चीन, जापान, रूस, कोरिया, थाईलैंड, ब्रिटेन, जर्मनी, स्विट्जरलैंड और ताइवान सहित के 60 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शकों की भागीदारी ने आयोजन को वैश्विक आयाम दिया है। खास तौर पर चीन की मजबूत मौजूदगी उन्नत मैन्युफैक्चरिंग तकनीकों और व्यापार साझेदारी की दिशा में बढ़ते रुझान को दर्शाती है।

वर्ष 2001 में शुरू हुआ इंडिया रबर एक्सपो अब एक प्रमुख वैश्विक मंच के रूप में विकसित हो चुका है, जो भारतीय उद्योग को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने और नवाचार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के “मेक इन इंडिया” (Make in India) और “आत्मनिर्भर भारत” (Atmanirbhar Bharat) के विजन को भी मजबूती प्रदान कर रहा है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि इंडिया रबर एक्सपो उद्योग, एमएसएमई (MSME) और नवाचारकर्ताओं को एक साथ लाने वाला सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित प्रदर्शन और बड़ी भागीदारी इस क्षेत्र के आधुनिकीकरण और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है तथा भविष्य में कौशल विकास और बाजार संपर्क पर विशेष ध्यान देना होगा।

IRE 2026 के चेयरमैन विपन मेहता (Vipin Mehta) ने कहा कि यह एक्सपो रबर उद्योग की वैश्विक प्रासंगिकता को दर्शाता है और नए अवसरों के द्वार खोल रहा है। वहीं मुख्य संयोजक संजीव सिक्का (Sanjeev Sikka) ने बताया कि इस बार फेस रिकग्निशन एंट्री सिस्टम (Face Recognition Entry System) और विशेष मोबाइल ऐप (Mobile App) जैसी तकनीकी सुविधाएं जोड़ी गई हैं, जिससे नेटवर्किंग और संवाद और आसान हुआ है।

AIRIA के अध्यक्ष अनय गुप्ता (Anay Gupta) ने कहा कि यह आयोजन व्यापार वृद्धि, नवाचार और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण मंच है। कार्यक्रम के दौरान 7 अप्रैल को Exhibitors Nite, 8 अप्रैल को Sufiyaana Shaam और 9 अप्रैल को Colors of India जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे उद्योग और संस्कृति के बीच जुड़ाव को भी मजबूती मिलेगी।

वैश्विक भागीदारी, अत्याधुनिक तकनीक और उद्योग सहयोग के साथ इंडिया रबर एक्सपो 2026 भारत को रबर उद्योग के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।