हनुमान जयंती: दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट, इन मार्गों पर जानें से पहले पढ़ें ये रिपोर्ट
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (02 April 2026): राजधानी दिल्ली में हनुमान जयंती के अवसर पर ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि शहर के कई प्रमुख मार्गों पर 2 अप्रैल को पूरे दिन ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए कई जगहों पर डायवर्जन लागू किए गए हैं। एडवाइजरी के अनुसार, रिंग रोड स्थित मरघट वाले हनुमान मंदिर के आसपास सबसे ज्यादा भीड़ रहने की संभावना है। यहां हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर विशेष पूजा-अर्चना, जुलूस और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी वजह से आसपास के इलाकों में यातायात का दबाव बढ़ेगा।
ट्रैफिक पुलिस ने जिन प्रमुख मार्गों पर असर की आशंका जताई है, उनमें रिंग रोड (शांति वन से आईएसबीटी कश्मीरी गेट), श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, लोथियन रोड और नेताजी सुभाष मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा निषाद राज मार्ग और बुलेवार्ड रोड पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है, जिससे यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए रेल छत्ता चौक, सुभाष कट, जीपीओ चौक, केला घाट और आयरन ब्रिज जैसे प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए गए हैं। खासतौर पर पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी कश्मीरी गेट जाने वाले यात्रियों को पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे गैर-जरूरी यात्रा से बचें और सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें। दिल्ली मेट्रो और बस सेवाओं को बेहतर विकल्प बताया गया है। साथ ही, वाहन चालकों को ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। वहीं, सुरक्षा के लिहाज से भी दिल्ली पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं।जहांगीरपुरी जैसे संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से त्योहार संपन्न कराने के लिए बहु-स्तरीय सुरक्षा योजना लागू की गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।