IEA अध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न, संजीव शर्मा लगातार दूसरी बार बने अध्यक्ष
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (28/03/2026): इंडस्ट्रियल एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (IEA) के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में आईईए के मुख्य कार्यालय, सूरजपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया में उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की झलक देखने को मिली।
इस चुनाव में संजीव शर्मा और विशाल गोयल अध्यक्ष पद के लिए मैदान में थे। कुल 205 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें से 2 मत अमान्य घोषित किए गए। मतगणना के बाद विशाल गोयल को 40 मत प्राप्त हुए, जबकि संजीव शर्मा ने 163 मत हासिल कर भारी अंतर से जीत दर्ज की।
गौरतलब है कि दोनों ही उम्मीदवार एसोसिएशन के संस्थापक सदस्यों में शामिल हैं और संगठन की स्थापना से ही सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। संजीव शर्मा को लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह वर्ष 2021 से 2025 तक महासचिव के रूप में चार वर्षों तक संगठन का नेतृत्व कर चुके हैं। वहीं, विशाल गोयल भी महासचिव और कोषाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं।
यह चुनाव आईईए की मजबूत लोकतांत्रिक परंपरा को दर्शाता है, जहां प्रत्येक सदस्य को किसी भी पद के लिए चुनाव लड़ने का समान अवसर प्राप्त है। चुनाव समिति ने पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया।
चुनाव समिति के अध्यक्ष मनोज सिंघल ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। नई टीम में संजीव शर्मा अध्यक्ष के रूप में चुने गए, जबकि अभिषेक जैन को महासचिव और अंकित गोयल को कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध नियुक्त किया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि वे एसोसिएशन के सदस्यों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान देंगे। इसके साथ ही औद्योगिक भूखंडों की ई-नीलामी प्रक्रिया के खिलाफ चल रही लड़ाई को आगे बढ़ाना और उद्यमियों के लिए नए व्यापारिक अवसरों की तलाश करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। एसोसिएशन की नई टीम का शपथ ग्रहण समारोह जल्द आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर संगठन के सभी सदस्यों ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।