अलीपुर के नशा मुक्ति केंद्र में युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (27 March 2026): नई दिल्ली के अलीपुर इलाके में स्थित हिरणकी के एक नशा मुक्ति केंद्र में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां 22 वर्षीय युवक अरुण कुमार की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। यह घटना कश्मीरी कॉलोनी स्थित ‘किरनदीप फाउंडेशन’ में हुई, जहां अरुण नशे की लत से छुटकारा पाने के लिए भर्ती था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए।

पुलिस के अनुसार, सुबह चाकूबाजी की सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल युवक को बुराड़ी अस्पताल ले जाया जा चुका था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अरुण कुमार बुराड़ी के सत्य विहार का रहने वाला था और लंबे समय से नशे की लत से जूझ रहा था, जिसके चलते परिवार ने उसे इलाज के लिए इस केंद्र में भर्ती कराया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया और महज एक घंटे के भीतर आरोपी अरुण जोशी (27) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से खून से सना चाकू भी बरामद किया गया है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि कुछ दिन पहले हुए विवाद और गाली-गलौज से आहत होकर उसने बदला लेने के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया।

डीसीपी आउटर नॉर्थ हरेश्वर स्वामी ने बताया कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि नशा मुक्ति केंद्र में सुरक्षा या प्रबंधन स्तर पर कोई लापरवाही तो नहीं हुई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, ताकि घटना के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।