गौतमबुद्ध नगर के MSME उद्योगों पर गहराया संकट, IBA ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की उठाई मांग

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (27/03/2026): इंडस्ट्रियल बिज़नेस एसोसिएशन (IBA) ने वैश्विक आर्थिक अस्थिरता और लगातार बढ़ती लागतों के बीच जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) की बिगड़ती स्थिति पर गंभीर चिंता जताई है। एसोसिएशन का कहना है कि ऊर्जा, कच्चे माल और संचालन खर्च में तेज बढ़ोतरी के कारण उद्योगों का अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है।

IBA के उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने वर्तमान हालात को “आपदा जैसी स्थिति” बताते हुए कहा कि कच्चे माल, गैस और धातुओं की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि ने उद्योगों की आर्थिक सेहत को बुरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो बड़े स्तर पर उद्योग बंद होने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

उन्होंने बताया कि बीते कुछ समय में कच्चे माल के दाम 50 प्रतिशत से अधिक बढ़ चुके हैं, जिससे उत्पादन लागत में भारी इजाफा हुआ है। स्थिति यह है कि अग्रिम भुगतान के बावजूद कच्चा माल समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहा, जिसके चलते उत्पादन चक्र बाधित हो रहा है।

नरेश चौहान ने यह भी कहा कि LPG गैस की कमी के कारण श्रमिकों और कर्मचारियों का पलायन बढ़ रहा है, जिससे उद्योगों की उत्पादन क्षमता पर सीधा असर पड़ रहा है। इसके साथ ही मशीनों के स्पेयर पार्ट्स की कीमतों में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे रखरखाव खर्च कई गुना बढ़ गया है।

उन्होंने उद्योगों के सामने एक और बड़ी चुनौती का जिक्र करते हुए कहा कि ग्राहक बढ़ी हुई लागत को स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं और न ही रेट रिवीजन या भुगतान में कोई राहत दी जा रही है। ऐसे में उद्योगों का संचालन आर्थिक रूप से बेहद कठिन हो गया है।IBA ने बाजार में LPG गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी पर भी चिंता जताई है। संगठन का कहना है कि अफवाहों के चलते स्थिति और गंभीर हो रही है, जिस पर तत्काल प्रभाव से नियंत्रण जरूरी है।

एसोसिएशन ने सरकार के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं, जिनमें LPG और PNG गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना, PNG कनेक्शन की प्रक्रियाओं और सिक्योरिटी डिपॉजिट में MSME के लिए राहत देना, कच्चे माल और धातुओं की कीमतों पर नियंत्रण के लिए हस्तक्षेप करना, गैस की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करना और MSME उद्योगों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा शामिल है।

इसके अलावा, IBA ने उद्योग संगठनों के साथ शीघ्र उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कर ठोस समाधान निकालने की भी मांग की है। IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि यदि इस संकट पर तत्काल प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो इसका व्यापक असर न केवल स्थानीय उद्योगों पर बल्कि प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी स्थिति भारत के “Vision 2047” के लक्ष्यों को भी प्रभावित कर सकती है।

गौतमबुद्ध नगर के MSME उद्योग इस समय गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उद्योग संगठनों का मानना है कि समय रहते सरकारी हस्तक्षेप और ठोस नीतिगत निर्णय ही इस संकट से उबारने में सहायक साबित हो सकते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।