Noida International Airport: उद्घाटन से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी, रूट और पार्किंग की पूरी जानकारी

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (27/03/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) के शुभारंभ समारोह को लेकर शनिवार को पूरे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। वीवीआईपी, वीआईपी और आम नागरिकों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार इस दौरान नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे, यमुना एक्सप्रेस-वे और एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों में किसी भी प्रकार के भारी, मध्यम और हल्के कमर्शियल वाहनों को चलने की अनुमति नहीं होगी। केवल एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री सुबह करीब 11 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां निरीक्षण के बाद दोपहर लगभग 12:15 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे।

मेरठ और गाजियाबाद से आने वाले वाहनों को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के जरिए सिरसा टोल से दादरी होते हुए निर्धारित मार्गों से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया जाएगा। इन वाहनों के लिए पी-6 और पी-7 पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।

मथुरा और अलीगढ़ की ओर से आने वाले लोगों को यमुना एक्सप्रेस-वे से जेवर टोल पार कर जेवर कट से उतरकर सबौता अंडरपास के रास्ते एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। इनके लिए अलग-अलग पार्किंग जोन निर्धारित किए गए हैं, ताकि भीड़ का दबाव कम किया जा सके। हापुड़ और बुलंदशहर से आने वाले वाहन जेवर-खुर्जा मार्ग से डायवर्ट होकर पारोही गेट से प्रवेश करेंगे। प्रशासन ने इन जिलों के लिए अलग पार्किंग स्लॉट निर्धारित किए हैं, जिससे यातायात सुचारू बना रहे।

विशिष्ट अतिथियों के लिए यमुना एक्सप्रेस-वे के 32वें किलोमीटर पर बने इंटरचेंज से सीधे एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश की व्यवस्था की गई है। उनके वाहनों को पी-1, पी-2 और पी-3 पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा, जहां से शटल बसों के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया जाएगा।

मीडिया कर्मियों और सरकारी अधिकारियों के लिए किशोरपुर गेट से एंट्री तय की गई है। मीडिया वाहनों को पी-8 और प्रशासनिक वाहनों को पी-10 पार्किंग में रखा जाएगा। वहीं, प्रशासनिक बसों के लिए दयानतपुर मार्ग से अलग रूट निर्धारित किया गया है।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा से आने वाले लोग एक्सप्रेस-वे के प्रमुख गोलचक्करों और इंटरचेंज के जरिए अस्थायी गेट से प्रवेश करेंगे। ग्रेटर नोएडा वेस्ट, सूरजपुर और जेवर कस्बे के निवासियों के लिए भी अलग-अलग मार्ग और पार्किंग तय की गई है, जिससे भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान बाहरी जिलों से आने वाले कमर्शियल वाहनों को विभिन्न स्थानों से पहले ही डायवर्ट कर दिया जाएगा। आगरा, खुर्जा, सिकंदराबाद और अन्य मार्गों से आने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा, ताकि मुख्य मार्गों पर दबाव न बढ़े। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट प्लान का पालन करें और समय से पहले कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हों। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इस विशेष व्यवस्था का उद्देश्य न केवल सुरक्षा सुनिश्चित करना है, बल्कि लाखों लोगों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखना भी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।