Jewar Airport: युवाओं के नौकरी को लेकर Yamuna Authority के ACEO ने क्या स्पष्ट कर दिया?

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (24/03/2026): जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) के आसपास के गांवों में रोजगार को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में सोमवार को एयरपोर्ट के नजदीक स्थित ग्राम किशोरपुरा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय युवा अपनी नौकरी की मांग को लेकर उपस्थित हुए। बैठक में स्थानीय विधायक धीरेन्द्र सिंह और यमुना प्राधिकरण के एसीईओ शैलेंद्र भाटिया भी मौजूद रहे।

बैठक में युवाओं ने स्पष्ट रूप से अपनी तीन प्रमुख मांगें रखीं—योग्यता के आधार पर रोजगार, नियुक्ति पत्र अधिकृत संस्थाओं की ओर से मिले, और भविष्य में किसी भी परिस्थिति में नौकरी सुरक्षित रहे, भले ही कंपनी (कंसेशनायर) बदल जाए।

इस दौरान विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट केवल एक बुनियादी ढांचा परियोजना नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास का प्रतीक है। उन्होंने कहा,
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की परिधि से सटा ग्राम किशोरपुरा आज एक ऐतिहासिक अवसर के स्वागत के लिए तैयार खड़ा है। गांव का हर वर्ग—बच्चे, युवा, बुजुर्ग और मातृशक्ति—सभी के भीतर अपार उत्साह है। यह अवसर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत से जुड़ा है। ग्रामवासी इस पल को भव्य और अविस्मरणीय बनाने के लिए पूरी निष्ठा और संकल्प के साथ तैयार हैं।

यमुना प्राधिकरण के एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने युवाओं की मांगों का बिंदुवार जवाब देते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी सभी प्रमुख चिंताओं का समाधान कर लिया गया है। उन्होंने कहा, आप लोगों की तीन मुख्य मांगें थीं—पहली, योग्यता के आधार पर नौकरी; दूसरी, नियुक्ति पत्र नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड और यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड दोनों की ओर से जारी हो; और तीसरी, भविष्य में कंसेशनायर बदलने पर भी नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

इन सभी बिंदुओं पर सहमति बन चुकी है। आपको जो ऑफर लेटर दिया जाएगा, उस पर NIAL और YIAPL दोनों के हस्ताक्षर होंगे। इसके साथ ही एक ‘लेटर ऑफ एश्योरेंस’ भी प्रदान किया जाएगा, जिसमें आपके सभी अधिकार और सुविधाएं स्पष्ट रूप से दर्ज होंगी।

इस एश्योरेंस लेटर में पीएफ, ईएसआई, बोनस, ग्रेच्युटी और मेडिकल सुविधाओं का उल्लेख रहेगा, जो आपको निरंतर मिलती रहेंगी। नौकरी समाप्त करने की स्थिति केवल सामान्य नियमों के अनुसार ही होगी, जैसे किसी गंभीर अनुशासनहीनता या आपराधिक मामले में। इसके अलावा, किसी अन्य कारण से नौकरी समाप्त नहीं की जाएगी।

यदि भविष्य में कंसेशनायर बदलता है, तब भी आपकी नौकरी सुरक्षित रहेगी और आपको नई कंपनी में समायोजित किया जाएगा। यह आश्वासन NIAL और YIAPL दोनों की ओर से संयुक्त रूप से लिखित रूप में दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नियुक्ति प्रक्रिया में किसी तरह का भ्रम नहीं रहने दिया जाएगा और सभी शर्तें स्पष्ट रूप से दस्तावेजों में दर्ज होंगी।

गौरतलब है कि जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं में से एक है। इसके शुरू होने के बाद हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। एयरपोर्ट संचालन, सुरक्षा, फायर सर्विस, ग्राउंड हैंडलिंग, प्रशासन और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की योजना बनाई गई है। इसके लिए विशेष रोजगार पोर्टल भी शुरू किया गया है, जहां पात्र युवा आवेदन कर सकते हैं।

हालांकि प्रशासन की ओर से रोजगार को लेकर आश्वासन दिया गया है। इस बैठक के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि रोजगार से जुड़ी अनिश्चितताएं जल्द दूर होंगी और एयरपोर्ट परियोजना से स्थानीय युवाओं को वास्तविक लाभ मिल सकेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।