New Delhi News (23 March 2026): राजधानी दिल्ली में एक बार फिर ऑटो चालकों के गिरोह द्वारा ठगी और चोरी का मामला सामने आया है। इस बार शिकार बने गदाईपुर निवासी जय प्रकाश सिंह और उनकी पत्नी, जो शादी समारोह से लौट रहे थे। आरोप है कि सुनियोजित तरीके से ऑटो गैंग ने करीब 10 लाख रुपये के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित दंपती आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर सुबह करीब 4 बजे पहुंचे थे। वहां से उन्होंने गदाईपुर जाने के लिए एक ऑटो किराए पर लिया। पहले चालक ने 700 रुपये मांगे, लेकिन मोलभाव के बाद 400 रुपये में बात तय हुई। शुरुआत में सब सामान्य लग रहा था, लेकिन आगे चलकर पूरा घटनाक्रम संदिग्ध होता चला गया।
पीड़ित के मुताबिक, ऑटो में दोनों तरफ पर्दे लगे थे, जिससे अंदर अंधेरा बना हुआ था। रास्ते में चालक ने एक और व्यक्ति को बैठा लिया। कुछ दूरी पर वाहन खराब होने का बहाना बनाकर उन्हें दूसरे ऑटो में बैठा दिया गया, जहां पहले से ही एक व्यक्ति मौजूद था। इस तरह ऑटो में कुल पांच लोग हो गए, जिससे शक की स्थिति बन गई।
जब वाहन प्रगति मैदान के पास पहुंचा, तो दूसरा चालक सीएनजी भरवाने का बहाना बनाकर चला गया और वापस नहीं लौटा। उस समय दंपती को कोई बड़ा संदेह नहीं हुआ और वे बाद में कैब लेकर घर पहुंच गए। लेकिन घर पहुंचकर जब उन्होंने बैग चेक किया, तो उसमें रखे करीब 80 ग्राम सोने के गहने और 10 हजार रुपये नकद गायब थे।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शुरुआत में क्षेत्राधिकार को लेकर उन्हें अलग-अलग थानों के चक्कर लगाने पड़े, लेकिन बाद में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है, वहीं इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में ऑटो गैंग की सक्रियता को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।