‘शादियों में डीजे और म्यूजिक सिस्टम पर पूर्ण प्रतिबंध’, किस गांव में हुआ ये अनोखा फैसला?

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (23/03/2026): ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र स्थित नवादा गांव में ग्रामीणों ने सामाजिक समरसता और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक अहम और सख्त निर्णय लिया है। गांव की पंचायत में सर्वसम्मति से तय किया गया कि अब यहां किसी भी शादी या अन्य खुशी के अवसर पर डीजे या तेज ध्वनि वाले म्यूजिक सिस्टम का उपयोग नहीं किया जाएगा।

करीब पांच हजार की आबादी वाले इस गांव में रविवार को आयोजित पंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में हर वर्ग के लोगों ने भाग लेकर इस प्रस्ताव का समर्थन किया। पंचायत के निर्णय के अनुसार यदि कोई परिवार इस नियम की अवहेलना करता है, तो उसके खिलाफ सामाजिक बहिष्कार जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पंचायत में मौजूद पूर्व प्रधानाचार्य नरपत सिंह नागर ने तेज आवाज के दुष्प्रभावों को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण से हृदय रोग, तनाव और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। कई मामलों में तेज आवाज के कारण हार्ट अटैक जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। उनकी बातों से सहमत होते हुए ग्रामीणों ने माना कि आधुनिक दिखावे के कारण पारंपरिक शांति और सामाजिक अनुशासन प्रभावित हो रहा है, जिसे अब रोकना जरूरी हो गया है।

पंचायत में यह भी स्पष्ट किया गया कि गांव की परंपराओं और भाईचारे को बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि वे न केवल इस नियम का पालन करेंगे, बल्कि अन्य सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए भी मिलकर काम करेंगे।

निर्णय के तहत यदि कोई व्यक्ति शादी या अन्य समारोह में डीजे या म्यूजिक सिस्टम बजाता पाया जाता है, तो गांव के लोग उसके कार्यक्रमों का बहिष्कार करेंगे और किसी भी सामाजिक आयोजन में शामिल नहीं होंगे। इस फैसले को लेकर गांव में व्यापक एकजुटता देखने को मिली। पंचायत में क्षेत्र के कई प्रमुख ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को गांव में शांति, सौहार्द और अनुशासन कायम रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। ग्रामीणों का मानना है कि इस निर्णय से आने वाली पीढ़ियों को एक सकारात्मक संदेश मिलेगा और गांव में शांतिपूर्ण वातावरण को बढ़ावा मिलेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।