नोएडा में साइबर ठगी का बड़ा मामला: शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच देकर 43 लाख रुपये की ठगी

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (22/03/2026): साइबर अपराधियों ने एक बार फिर निवेश के नाम पर ठगी का बड़ा जाल बिछाते हुए नोएडा के सेक्टर-52 निवासी एक वरिष्ठ प्रबंधक को अपना शिकार बना लिया। आरोपियों ने शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर पीड़ित से कई चरणों में करीब 43 लाख रुपये हड़प लिए। जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो ठगी का खुलासा हुआ।

पीड़ित ललित कपिला एक निजी कंपनी में वरिष्ठ प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं और शेयर बाजार में निवेश में रुचि रखते हैं। 21 फरवरी 2026 को उनके व्हाट्सएप पर एक प्रतिष्ठित कंपनी के नाम से निवेश संबंधी प्रस्ताव भेजा गया, जिसमें स्टॉक, ओटीसी और आईपीओ ट्रेडिंग के जरिए भारी मुनाफा कमाने का दावा किया गया था।

संदेश में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर उनकी बातचीत कथित महिला प्रतिनिधि दीया मेहरा से कराई गई। आरोपी महिला ने निवेश पर 3 से 6 महीने के भीतर 300 से 500 प्रतिशत तक रिटर्न का भरोसा दिलाया, जिससे प्रभावित होकर पीड़ित ने शुरुआत में छोटी रकम निवेश की।

ठगों ने भरोसा जीतने के लिए शुरुआती चरण में पीड़ित को मामूली निवेश पर लाभ दिखाया। पीड़ित द्वारा ट्रांसफर की गई छोटी राशि—पहले 200 रुपये और फिर 6 हजार रुपये—उन्हें लाभ सहित वापस मिल गई। इससे उनका विश्वास और मजबूत हो गया।इसके बाद ठगों ने उन्हें बड़े निवेश के लिए प्रेरित किया। लालच और भरोसे के मिश्रण में फंसकर पीड़ित ने 6 मार्च तक कुल 18 अलग-अलग लेनदेन के जरिए करीब 43 लाख रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए।

जब पीड़ित को पैसों की आवश्यकता पड़ी और उन्होंने अपनी निवेशित राशि निकालने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर अतिरिक्त रकम जमा कराने की मांग शुरू कर दी। इस पर पीड़ित को धोखाधड़ी की आशंका हुई। इसके बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जिन बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं, उनकी पड़ताल की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अनजान कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया के जरिए मिलने वाले निवेश प्रस्तावों से सतर्क रहें। विशेष रूप से ऐसे ऑफर जो कम समय में अत्यधिक मुनाफे का दावा करते हैं, वे अक्सर साइबर ठगी का हिस्सा होते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।