जेवर के रामनेर गांव में निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरी, महिला मजदूर की मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (13/03/2026): ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र के रामनेर गांव में निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान की दीवार अचानक ढह जाने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मजदूरों के परिजनों ने मकान मालिक पर लापरवाही और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार यह हादसा गुरुवार को उस समय हुआ जब रामनेर गांव में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण स्थल पर कई मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक निर्माणाधीन दीवार भरभराकर गिर पड़ी और वहां मौजूद मजदूरों के साथ मकान मालिक की पत्नी भी मलबे के नीचे दब गईं।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों और अन्य मजदूरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए थे। घायलों में मजदूर अनीता की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही थी, जिसकी शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। बाकी घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, मजदूर उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के रहने वाले हैं। घायल मजदूर रमेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी पत्नी रानी, अनीता, हरिश्चंद्र और हरभजन के साथ रामनेर गांव निवासी रविंद्र के मकान पर मजदूरी का काम कर रहे थे।

रमेश का आरोप है कि मकान निर्माण में निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि मजदूरों ने कई दिन पहले ही इस बात पर आपत्ति जताई थी और असुरक्षित हालात में काम करने से मना भी किया था। इसके बावजूद उनसे काम कराया जाता रहा, जिसके चलते यह गंभीर हादसा हो गया।

रमेश के मुताबिक दीवार गिरने से उनकी पत्नी रानी, मजदूर अनीता, हरिश्चंद्र, हरभजन और मकान मालिक रविंद्र की पत्नी शशि घायल हो गईं। अनीता की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे मजदूर परिवारों में शोक का माहौल है।

मामले को लेकर जेवर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मकान मालिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

उन्होंने कहा कि जांच में यदि निर्माण कार्य में लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं हादसे के बाद क्षेत्र में निर्माण कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।