10 साल की उम्र में शुरू किया मिशन, 7.5 लाख से ज्यादा बैटरियों का कराया सुरक्षित रीसाइक्लिंग

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (13/03/2026): साल 2019 में शुरू की गई “Recycle My Battery” (RMB) पहल आज एक वैश्विक युवा आंदोलन का रूप ले चुकी है। इस पर्यावरणीय पहल की शुरुआत अमेरिका के न्यू जर्सी के छात्र श्री निहाल तम्मना ने सुरक्षित बैटरी निपटान को बढ़ावा देने और बैटरी कचरे के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से की थी।

दरअसल, रोजमर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल होने वाली बैटरियां अगर सामान्य कचरे के साथ फेंक दी जाएं तो वे पर्यावरण और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। इन बैटरियों में लेड, कैडमियम और मरकरी जैसे रसायन होते हैं, जो लैंडफिल में पहुंचने पर मिट्टी और भूजल में रिसकर प्रदूषण फैला सकते हैं।

न्यू जर्सी के छात्र निहाल तम्मना ने इस समस्या की ओर तब ध्यान दिया जब वह सिर्फ 10 साल के थे। उस समय उन्होंने कैलिफोर्निया के एक कचरा निपटान संयंत्र में लगी भीषण आग की खबर देखी, जिसका कारण गलत तरीके से फेंकी गई लिथियम-आयन बैटरी थी। इस घटना के बाद उन्होंने बैटरी कचरे के बारे में गहराई से जानकारी जुटाई।

अपनी खोज के दौरान निहाल को पता चला कि हर साल दुनिया भर में अरबों बैटरियां कचरे के रूप में फेंक दी जाती हैं, जबकि उनके सुरक्षित निपटान के बारे में जागरूकता बेहद कम है। इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने 2019 में “Recycle My Battery” नाम की एक युवा-नेतृत्व वाली गैर-लाभकारी पहल शुरू की।

शुरुआत में निहाल ने अपने स्कूल में बैटरी कलेक्शन बॉक्स लगाए और दोस्तों व सहपाठियों को इस्तेमाल की गई बैटरियां इकट्ठा करने के लिए प्रेरित किया। धीरे-धीरे यह पहल स्कूलों की साझेदारी, सामुदायिक अभियानों और सोशल मीडिया के जरिए फैलती चली गई।

आज इस अभियान से करीब 1,000 युवा स्वयंसेवक जुड़े हुए हैं, जो स्कूलों और समुदायों में बैटरी कलेक्शन ड्राइव, कार्यशालाएं और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करते हैं।

अब तक यह पहल 7 लाख 50 हजार से अधिक इस्तेमाल की गई बैटरियों का रीसाइक्लिंग कराने में मदद कर चुकी है। इसके साथ ही अभियान के जरिए दुनिया भर में 8 करोड़ से अधिक लोगों तक जागरूकता संदेश पहुंचाया गया है।

“Recycle My Battery” विभिन्न रीसाइक्लिंग पार्टनर्स के साथ मिलकर स्कूलों, लाइब्रेरी और सार्वजनिक स्थानों पर मुफ्त बैटरी कलेक्शन बिन भी लगवा रहा है, ताकि लोग आसानी से अपनी पुरानी बैटरियों को सुरक्षित तरीके से रीसाइक्लिंग के लिए दे सकें।

निहाल तम्मना वर्तमान में न्यू जर्सी के मोनरो टाउनशिप हाई स्कूल में 11वीं कक्षा के छात्र हैं। उनके इस काम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान भी मिल चुकी है। उन्हें CNN Heroes Young Wonder, Diana Award और Barron Prize से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा वह International Children’s Peace Prize के टॉप-3 फाइनलिस्ट भी रह चुके हैं।

डिस्क्लेमर: यह लेख / न्यूज आर्टिकल सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध जानकारी और प्रतिष्ठित / विश्वस्त मीडिया स्रोतों से मिली जानकारी पर आधारित है।यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। पाठक कृपया स्वयं इस की जांच कर सूचनाओं का उपयोग करे ॥


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।