राघव चड्ढा ने राज्यसभा में 28 दिन के मोबाइल रिचार्ज प्लान पर उठाया मुद्दा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (11 March 2026): राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने देश के करोड़ों प्रीपेड मोबाइल उपभोक्ताओं से जुड़ा अहम मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भारत में करीब 125 करोड़ मोबाइल यूजर्स हैं, जिनमें से लगभग 90 प्रतिशत लोग प्रीपेड रिचार्ज का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में रिचार्ज समाप्त होने के बाद उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने संसद में कहा कि आज के दौर में मोबाइल फोन कोई विलासिता नहीं बल्कि लोगों की जिंदगी से जुड़ी एक जरूरी सेवा बन चुका है।

राघव चड्ढा ने सवाल उठाया कि जब किसी प्रीपेड रिचार्ज की वैधता खत्म हो जाती है तो आउटगोइंग कॉल बंद होना समझ में आता है, लेकिन इनकमिंग कॉल और एसएमएस भी बंद कर देना उपभोक्ताओं के लिए बड़ी समस्या बन जाता है। उन्होंने कहा कि रिचार्ज खत्म होने के बाद व्यक्ति से संपर्क करना मुश्किल हो जाता है और कई बार बैंक के ओटीपी या अन्य जरूरी संदेश भी नहीं मिल पाते। ऐसे में किसी आपात स्थिति में व्यक्ति पूरी तरह संपर्क से कट सकता है।

इस समस्या को लेकर राघव चड्ढा ने सरकार और टेलीकॉम कंपनियों के सामने कई मांगें भी रखीं। उन्होंने कहा कि अंतिम रिचार्ज के बाद कम से कम एक साल तक इनकमिंग कॉल और एसएमएस की सुविधा जारी रहनी चाहिए ताकि जरूरी संचार बाधित न हो। इसके अलावा उन्होंने यह भी मांग की कि किसी मोबाइल नंबर को आखिरी रिचार्ज के बाद कम से कम तीन साल तक डिएक्टिवेट नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि टेलीकॉम कंपनियां उन उपभोक्ताओं के लिए कम कीमत वाला “इनकमिंग ओनली” प्लान शुरू करें, जिन्हें केवल अपना नंबर सक्रिय रखना होता है। चड्ढा के अनुसार कई लोग केवल बैंकिंग सेवाओं, ओटीपी और सरकारी योजनाओं से जुड़े संदेश प्राप्त करने के लिए ही अपना मोबाइल नंबर सक्रिय रखना चाहते हैं, इसलिए उनके लिए अलग और सस्ता विकल्प होना चाहिए।

इसके साथ ही राघव चड्ढा ने 28 दिन वाले रिचार्ज प्लान को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर किसी योजना को मासिक यानी “मंथली प्लान” कहा जाता है तो उसकी अवधि कैलेंडर के अनुसार 30 या 31 दिन होनी चाहिए। 28 दिन के चक्र के कारण उपभोक्ताओं को साल में 12 की जगह 13 बार रिचार्ज कराना पड़ता है। उन्होंने कहा कि टेलीकॉम कंपनियों को अपने रिचार्ज प्लान को वास्तविक कैलेंडर महीनों के अनुसार करना चाहिए ताकि उपभोक्ताओं के साथ पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।