संवाद ही समस्याओं का समाधान, ‘व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी’ से बचे: राज्यसभा सांसद P. Sandosh Kumar | Ten Talks

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (11/03/2026): प्रख्यात डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म “टेन न्यूज़ नेटवर्क” द्वारा जनहित और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों को सकारात्मक और निष्पक्ष रूप से सामने लाने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार, 10 मार्च को गलगोटियास यूनिवर्सिटी के सहयोग दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में एक विशेष ज्ञानवर्धक टॉक शो “टेन टॉक्स” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राजनीति, शिक्षा, कानून, समाज सेवा और अध्यात्म जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने हिस्सा लेकर अपने अनुभव और विचार साझा किए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद पी. संतोष कुमार, अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद और राज्यसभा सांसद पी. विल्सन उपस्थित रहे। सभी मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंच से देश के विकास, लोकतांत्रिक मूल्यों और समाज में सकारात्मक योगदान देने वाले विभिन्न क्षेत्रों की भूमिका पर व्यापक चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद पी. संतोष कुमार (P. Sandosh Kumar, Rajya Sabha MP) ने मीडिया की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया को चौथा स्तंभ माना जाता है और उसकी जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मीडिया को निष्पक्ष होकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहिए।

उन्होंने कहा, मीडिया हमारे लोकतांत्रिक ढांचे का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। लेकिन दुर्भाग्य से आज अधिकांश बड़े मीडिया संस्थान कॉरपोरेट नियंत्रण में हैं, जिसके कारण कई बार जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दे हाशिए पर चले जाते हैं।

पी. संतोष कुमार ने कहा कि आजकल कई टीवी चैनल गंभीर सामाजिक मुद्दों की बजाय तुच्छ और सनसनीखेज खबरों पर अधिक ध्यान केंद्रित करते हैं। बेरोजगारी, गरीबी और पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पर्याप्त चर्चा नहीं होती, जबकि इन पर व्यापक संवाद की आवश्यकता है। सोशल मीडिया के प्रभाव पर चर्चा करते हुए उन्होंने युवाओं को सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज सूचना का प्रवाह बहुत तेज हो गया है, लेकिन हर जानकारी सत्य नहीं होती।

उन्होंने कहा, आजकल ‘व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी’ और ‘फेसबुक यूनिवर्सिटी’ जैसे शब्द प्रचलित हो गए हैं। हमें हर जानकारी की सत्यता जांचने की आदत डालनी चाहिए और बिना सत्यापन के किसी भी सूचना पर विश्वास नहीं करना चाहिए।

इतिहास के संदर्भ में उन्होंने कहा कि इतिहास को मनमाने तरीके से बदला या गढ़ा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा, आप कपड़े बना सकते हैं, इमारतें बना सकते हैं या खाना तैयार कर सकते हैं, लेकिन इतिहास का निर्माण नहीं कर सकते। दुर्भाग्य से आज कुछ लोग इतिहास को अपने तरीके से गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, जो समाज के लिए चिंता का विषय है।

पी. संतोष कुमार ने समाज में संवाद और सहिष्णुता के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन समस्याओं का समाधान केवल संवाद और कूटनीति के माध्यम से ही संभव है।

उन्होंने कहा, हमारी विचारधाराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन हमें एक-दूसरे को समझने और सहन करने की क्षमता विकसित करनी होगी। संवाद और कूटनीति ही किसी भी समस्या का स्थायी समाधान है, युद्ध कभी समाधान नहीं हो सकता।

इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक सार्थक जीवन जीने के लिए समाज सेवा का भाव जरूरी है और मीडिया इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

इस विशेष कार्यक्रम में प्रोफेसर रूबी मिश्रा (प्राचार्य, भगिनी निवेदिता कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय), एडवोकेट डॉ. ए.पी. सिंह (वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय), डॉ. आदिश सी अग्रवाला (वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय), डॉ. खुशबू सिंह (हस्तशिल्प निर्यातक एवं निदेशक, आर्य फैशन), आनंदिता बासु (क्विज मास्टर), सुश्री रुचिका आर. शर्मा (प्रसिद्ध ज्योतिषी), डॉ. प्रो. वंदना शर्मा ‘दिया'(प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं अद्वैत वेदांत दर्शन की विद्वान), प्रोफेसर सविता झा (प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं सामाजिक कार्यकर्ता), ज्योतिष रत्न गुरुजी गौतम ऋषि (संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान), मेजर डॉ. प्राची गर्ग (एमसी एवं कारगिल योद्धा), पुरुषोत्तम बिहारी (चिंतक व लेखक) तथा आलोक द्विवेदी (वरिष्ठ पत्रकार एवं अध्यक्ष, नोएडा मीडिया क्लब) सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में प्राप्त अनुभवों, संघर्षों और सफलता की प्रेरक यात्राओं को साझा किया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षा, कानून, मीडिया, संस्कृति और अध्यात्म जैसे विभिन्न क्षेत्र किस प्रकार विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने उम्मीद जताई कि “टेन टॉक्स” जैसे संवादात्मक मंच समाज में सकारात्मक विचार-विमर्श को बढ़ावा देंगे और आने वाली पीढ़ी को सही दिशा में प्रेरित करने का कार्य करेंगे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।