जनकपुरी सीवर हादसा बाइक सवार की मौत के मामले में फरार कॉन्ट्रैक्टर उदयपुर से गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (10 March 2026): पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में खुले सीवर गड्ढे में गिरकर बाइक सवार की मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में फरार चल रहे मुख्य कॉन्ट्रैक्टर हिमांशु गुप्ता को राजस्थान के उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को दिल्ली लाकर आगे की पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना के बाद से ही आरोपी कॉन्ट्रैक्टर फरार था और उसकी तलाश में कई जगहों पर लगातार छापेमारी की जा रही थी। पश्चिमी दिल्ली की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वायड (AATS) की टीम को सूचना मिली कि वह उदयपुर में छिपा हुआ है। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

दरअसल, 5-6 फरवरी की मध्य रात जनकपुरी इलाके में करीब 20 फीट गहरे खुले सीवर गड्ढे में गिरकर 25 वर्षीय कमल ध्यानी की मौत हो गई थी। कमल अपनी बाइक से सड़क से गुजर रहे थे, लेकिन अंधेरे में उन्हें सड़क पर बना गड्ढा दिखाई नहीं दिया और वह सीधे उसमें गिर गए।

बताया गया कि मौके पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे और सीवर गड्ढा खुला छोड़ दिया गया था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और ठेकेदारों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ठेकेदारों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

जांच के दौरान मुख्य कॉन्ट्रैक्टर हिमांशु गुप्ता का नाम सामने आया, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस यह जानने की कोशिश करेगी कि सीवर गड्ढे के पास सुरक्षा के जरूरी इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे और इस लापरवाही के लिए कौन-कौन जिम्मेदार है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।