मालवीय नगर में मणिपुर की युवती से बदसलूकी और मारपीट, बेल्ट से हमला; 4 नाबालिग हिरासत में

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (10 March 2026): राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में मणिपुर की एक युवती के साथ बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 15–16 साल के चार नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है। सभी आरोपी मालवीय नगर इलाके के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार यह घटना 9 मार्च की है। उस दिन सतपुरा पार्क से झगड़े की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही मालवीय नगर थाना प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां उन्हें एक युवती घायल अवस्था में मिली। पीड़िता दक्षिण दिल्ली के भाटी माइंस इलाके की रहने वाली बताई जा रही है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह पार्क में अपने एक दोस्त से मिलने आई थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लड़कों ने उस पर आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उससे झगड़ा शुरू कर दिया और मारपीट करने लगे। आरोप है कि एक लड़के ने अपनी कमर से बेल्ट निकालकर युवती पर हमला कर दिया।

हमले में युवती के चेहरे और दाहिने कान के पास हल्की चोटें आईं। उसे तुरंत मदन मोहन मालवीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच की। बाद में एहतियात के तौर पर उसे सफदरजंग अस्पताल भी भेजा गया, जहां उसका विस्तृत मेडिकल परीक्षण कर इलाज दिया गया।

पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मालवीय नगर थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने स्थानीय सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चारों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बेल्ट भी बरामद कर ली है और मामले की आगे की जांच जारी है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।