लॉरेंस विश्नोई के वकील पर हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने दबोचा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (03 March 2026): दिल्ली में गैंगस्टर कनेक्शन से जुड़ी एक बड़ी वारदात के मामले में पुलिस को अहम कामयाबी मिली है। 24 फरवरी की रात लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री की कार पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग मामले में उत्तरी जिला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रोहित सोलंकी के रूप में हुई है, जिसे माजरा डबास इलाके के पास से दबोचा गया। पुलिस के अनुसार, वह हमले के दौरान स्कूटी पर सवार था और उसके पास हथियार भी मौजूद था। गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक पिस्टल बरामद की गई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि रोहित सोलंकी का संबंध कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से है। शुरुआती पूछताछ में यह भी पता चला है कि वह गोदारा का शूटर है और उसी के इशारे पर वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, इस हमले में शामिल दो अन्य शूटर अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के जरिए अन्य संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

गौरतलब है कि 24 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे कश्मीरी गेट ISBT के पास दीपक खत्री अपने चार साथियों के साथ मरघट वाले हनुमान मंदिर के पास पहुंचे थे। तभी अचानक बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार को घेर लिया और कई राउंड गोलियां चला दीं। हमले की गंभीरता को देखते हुए ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को तेजी से वहां से निकाला और सिविल लाइंस स्थित एक पांच सितारा होटल की ओर ले गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

इस हमले में वकील दीपक खत्री बाल-बाल बच गए, लेकिन कार की पिछली सीट पर बैठे एक शख्स को गोली लग गई। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई थी कि यह हमला किसी विरोधी गैंग की साजिश हो सकता है।

अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में कई अहम खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या यह हमला गैंगवार की कड़ी है या इसके पीछे कोई और आपराधिक रणनीति है। दिल्ली में बढ़ती गैंग गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।