“मोदी जी सत्ता के लिए काम करते हैं केजरीवाल देश के लिए काम करेगा”: जंतर मंतर पर गरजे केजरीवाल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (01 March 2026): नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित विशाल जनसभा में अरविन्द केजरीवाल ने अपने हजारों समर्थकों को संबोधित किया। मंच पर विभिन्न राज्यों के नेता और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। केजरीवाल ने विशेष रूप से बस मार्शलों, डीटीसी के ड्राइवर-कंडक्टरों, मोहल्ला क्लीनिक के कर्मचारियों और अन्य निकाले गए कर्मियों का जिक्र किया।

‘ऐतिहासिक फैसला’ और अदालत का धन्यवाद

केजरीवाल ने अपने संबोधन में हाल ही में आए अदालत के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा, “ दिल्ली की अदालत ने देश के लोगों के पक्ष में ऐतिहासिक फैसला दिया है।” मौजूदा माहौल में जहां डर और दबाव की बात कही जाती है, वहां इतना बड़ा निर्णय आना साहसिक कदम है। “इतने डर के माहौल में जज साहब ने धाकड़ फैसला सुनाया, इसके लिए मैं उनका शुक्रिया अदा करता हूं,”। उन्होंने दावा किया कि 600 पन्नों के फैसले में केस को फर्जी करार दिया गया है और आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं मिले।

मोदी-शाह पर सीधा हमला

अपने भाषण में केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, “चार साल तक षड्यंत्र रचकर हमें बदनाम किया गया। मीडिया के जरिए लगातार उन्हें भ्रष्टाचारी बताया गया। सुबह से शाम तक टीवी पर कहा गया कि केजरीवाल चोर है, लेकिन अदालत ने सच सामने रख दिया,”। इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताया और कहा कि यह फैसला सच्चाई की जीत है। केजरीवाल ने आगे कहा कि “मैं आज अपनी सफाई देने नहीं आया हूं, मैं देश की बात करने आया हूं। आई लव माय इंडिया। यह लड़ाई व्यक्तिगत नहीं बल्कि देश के लोकतंत्र और ईमानदारी की लड़ाई है। राजनीति का मकसद सत्ता नहीं बल्कि सेवा होना चाहिए। अगर देश के लिए खड़े नहीं होंगे तो आने वाली पीढ़ियां हमें माफ नहीं करेंगी।”

IIT और अमेरिका न जाने का जिक्र

अपने छात्र जीवन का जिक्र करते हुए अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि “आईआईटी में मेरे अच्छे नंबर थे, मैं अमेरिका की बड़ी यूनिवर्सिटी में जा सकता था, नौकरी भी कर सकता था।” लेकिन उस समय उन्होंने फैसला किया कि देश में रहकर काम करेंगे। “मैंने सोचा अगर पढ़े-लिखे लोग बाहर चले जाएंगे तो देश को कौन संभालेगा। देशभक्ति केवल नारों से नहीं, बल्कि फैसलों से साबित होती है।” केजरीवाल ने इनकम टैक्स विभाग में अपने शुरुआती दिनों का जिक्र करते हुए कहा, “एक चार्टर्ड अकाउंटेंट ने मुझसे पूछा ‘सेवा बताइए’, मैंने साफ कहा कि मैं रिश्वत नहीं लेता।” दावा किया कि विभाग में उनकी ईमानदारी की चर्चा होती थी। “10 साल मुख्यमंत्री रहा, हजारों फाइलों पर साइन किए, कोई एक ठेकेदार सामने आकर कह दे कि मैंने पैसा लिया। मेरे खिलाफ कई जांच कराई गईं, लेकिन कोई भ्रष्टाचार साबित नहीं हुआ।”

‘2014 में उम्मीद थी, 12 साल में क्या मिला?’

आप नेता ने कहा, 2014 में लोगों ने उम्मीद के साथ पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। 12 साल हो गए, आपकी जिंदगी में क्या बदलाव आया? महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक हालात पर चिंता जताई। आज हर सेक्टर संकट में है, आम आदमी परेशान है, और जनता से आत्ममंथन करने की अपील की। प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा, “12 साल से परीक्षा पर चर्चा सुन रहा हूं, लेकिन पेपर लीक बंद नहीं हुए। युवाओं के भविष्य को लेकर चिंता जताई और कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता जरूरी है। नौटंकी बंद करो, पेपर लीक बंद करो। उन्होंने दावा किया कि देश का युवा मेहनत कर रहा है लेकिन सिस्टम उसे निराश कर रहा है।

सड़क, प्रदूषण और बुनियादी ढांचे पर सवाल

केजरीवाल ने देश के बुनियादी ढांचे पर सवाल उठाते हुए कहा कि दुनिया चांद पर पहुंच गई, लेकिन हमारे यहां गड्ढे नहीं भर पाए। उत्तर भारत में सांस लेना मुश्किल हो गया है। अन्य देशों ने अपने शहरों को साफ-सुथरा बनाया, लेकिन यहां हालात नहीं सुधरे। उन्होंने इसे प्राथमिकताओं की कमी बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि “अगर भ्रष्टाचार खत्म करना है तो बड़े मामलों पर कार्रवाई करो, सिर्फ विरोधियों को जेल में डालना समाधान नहीं है। जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए नहीं होना चाहिए। सत्ता बचाने के लिए संस्थाओं का दुरुपयोग लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।

आम आदमी पार्टी और उम्मीद की राजनीति

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि , “जब आम आदमी पार्टी आई, आम लोगों को टिकट दिया गया, युवाओं को मौका मिला। राजनीति में नए चेहरों को आगे बढ़ाया। मेरी गिरफ्तारी से 140 करोड़ लोगों की उम्मीद तोड़ने की कोशिश की गई। यह आंदोलन उम्मीद और बदलाव की राजनीति का प्रतीक है।”

‘सत्ता के लिए नहीं, देश के लिए काम करेंगे’

अपने संबोधन के अंत में केजरीवाल ने कहा, “मोदी जी सत्ता के लिए काम करते हैं, केजरीवाल देश के लिए काम करेगा।” उन्होंने समर्थकों से संघर्ष जारी रखने की अपील की। “अगर सच्चाई के रास्ते पर चलोगे तो जीत हमारी होगी,” उन्होंने कहा। उन्होंने भरोसा जताया कि देश में बदलाव की लहर फिर उठेगी और जनता सच्चाई का साथ देगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।