जेवर में ज्वेलर्स की दुकान पर दिनदहाड़े चोरी, महिला गिरोह ने उड़ाए गहने
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (28/02/2026): ग्रेटर नोएडा के जेवर कस्बे में शुक्रवार को चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक आभूषण की दुकान को निशाना बनाते हुए महिलाओं के एक संगठित गिरोह ने दिनदहाड़े करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
पीड़ित दुकानदार सुनील ने बताया कि शुक्रवार दोपहर पांच महिलाएं ग्राहक बनकर उनकी दुकान पर पहुंचीं। सभी महिलाएं अलग-अलग डिज़ाइन के गहने देखने का अनुरोध करने लगीं। इसी दौरान गिरोह की दो बुजुर्ग महिलाओं ने मौके का फायदा उठाते हुए गहनों से भरा एक डिब्बा बेहद चालाकी से अपने कपड़ों में छिपा लिया। वहीं, तीन अन्य महिलाएं जिनमें से दो के साथ छोटे बच्चे भी थे, दुकानदार को बातचीत और गहने दिखाने में उलझाए रहीं।
कुछ देर बाद सभी महिलाएं बिना कोई खरीदारी किए दुकान से बाहर निकल गईं। शाम को जब दुकानदार ने स्टॉक का मिलान किया, तो गहनों का डिब्बा गायब मिला। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें महिलाएं चोरी करते हुए साफ दिखाई दे रही हैं। इसके बाद पीड़ित ने तुरंत कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
दुकानदार के अनुसार, महिलाओं ने बातचीत के दौरान खुद को मध्य प्रदेश का निवासी बताया था। पुलिस को आशंका है कि यह कोई पेशेवर महिला गिरोह हो सकता है, जो भीड़भाड़ वाले बाजारों और ज्वेलरी शॉप्स को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम देता है।
इस संबंध में कोतवाली जेवर के प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने क्षेत्र के व्यापारियों से सतर्क रहने, दुकानों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।