गौतमबुद्ध नगर में उद्योग जगत के लंबित भुगतान विवादों पर IEA ने डीएम को सौंपा पत्र
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Buddha Nagar News (25/02/2026): गौतमबुद्ध नगर में आयोजित उद्योग बंधु की हालिया बैठक के दौरान Industrial Entrepreneurs Association (IEA) ने जिले में बढ़ते भुगतान विवादों को लेकर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। IEA के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने जिलाधिकारी मेधा रूपम को पत्र भेजकर उद्यमियों के बीच लंबित भुगतानों के त्वरित समाधान के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया है।
पत्र में कहा गया है कि गौतमबुद्ध नगर प्रदेश की आर्थिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण औद्योगिक जनपद है, जहां बड़ी संख्या में उद्यमी आपसी व्यापारिक लेन-देन के माध्यम से कार्य करते हैं। हाल के समय में जिले के भीतर ही दो व्यापारिक पक्षों के बीच सामग्री आपूर्ति के बाद भुगतान लंबित रहने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
IEA के अनुसार, कई मामलों में एक पक्ष द्वारा निर्धारित शर्तों के अनुसार सामग्री की आपूर्ति कर दी जाती है, लेकिन दूसरा पक्ष तय समयसीमा में भुगतान नहीं करता। इसका सीधा असर विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) की कार्यशील पूंजी पर पड़ता है। संघ का कहना है कि न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से समाधान पाने में अत्यधिक समय लगता है, जिससे व्यवसायिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं और उद्योगों पर आर्थिक दबाव बढ़ता है।
संघ ने प्रस्ताव रखा है कि जिला प्रशासन की देखरेख में त्रैमासिक बैठकें आयोजित की जाएं, जिनमें संबंधित पक्षों को आमंत्रित कर आपसी संवाद और मध्यस्थता के माध्यम से भुगतान विवादों का समाधान कराया जा सके। इससे न केवल लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण संभव होगा, बल्कि भविष्य में ऐसे विवादों में भी कमी आएगी।
IEA अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि प्रशासन की सक्रिय भूमिका से उद्योग जगत में विश्वास का वातावरण मजबूत होगा और जनपद में औद्योगिक गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगी। संघ ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई है, ताकि उद्यमियों के हितों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।