वेस्ट यूपी भाजपा संगठन में घमासान: परिवारवाद के आरोपों से अटका जिला कमेटियों का गठन
टेन न्यूज नेटवर्क
National News (25/02/2026): वेस्ट यूपी में भारतीय जनता पार्टी की जिला और महानगर कमेटियों के पुनर्गठन को लेकर सरगर्मियां तेज हैं, लेकिन आरोप हैं कि बड़े नेताओं की ओर से अपने परिवार के सदस्यों को संगठन में जगह दिलाने के दबाव के चलते सूची फाइनल नहीं हो पा रही है। पार्टी नेतृत्व ने 27 फरवरी से पहले नई जिला और महानगर कमेटियों के गठन के निर्देश दिए हैं, मगर पारिवारिक सियासत के समीकरणों ने प्रक्रिया को उलझा दिया है।
दरअसल, 2019 के बाद से जिला और महानगर स्तर पर संगठन का पुनर्गठन नहीं हुआ। 2019 में बनी टीमों के सहारे ही संगठन चलता रहा। वर्ष 2022 में जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष बदले जरूर गए, लेकिन उन्हें नई टीम बनाने की अनुमति नहीं मिली और पुरानी टीमों के साथ ही कार्यकाल पूरा किया गया। वर्ष 2025 में एक बार फिर जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष बदले गए, मगर टीम अब तक 2019 वाली ही चल रही है। अब शीर्ष नेतृत्व ने नई टीमों के गठन का स्पष्ट निर्देश जारी किया है।
सूत्रों के अनुसार, पुनर्गठन में देरी की बड़ी वजह यह है कि कई वरिष्ठ नेता अपनी पत्नी, बहू और बेटों को संगठन में पद दिलाने के प्रयास में हैं। जिला और महानगर अध्यक्षों के सामने स्थापित नेताओं को संतुलित करना चुनौती बना हुआ है। परिवारवाद को लेकर शिकायतें प्रदेश और केंद्रीय स्तर तक पहुंचने की चर्चा है।
मुरादाबाद में कई नाम चर्चा में
मुरादाबाद में मेयर विनोद अग्रवाल अपनी बहू प्रिया अग्रवाल के लिए राजनीतिक जमीन तैयार करने में जुटे बताए जा रहे हैं। उनकी पत्नी बीना अग्रवाल दो बार मेयर रहीं। उनके निधन के बाद विनोद अग्रवाल लगातार तीसरे कार्यकाल में मेयर हैं। नगर निगम चुनाव में अभी समय है, इसलिए बहू को संगठन में स्थान दिलाने की कोशिशें चर्चा में हैं।
शहर विधायक रितेश गुप्ता की पत्नी अल्पना गुप्ता भी लंबे समय से सक्रिय बताई जा रही हैं। संगठन में उन्हें किसी महत्वपूर्ण पद पर जिम्मेदारी दिलाने की चर्चाएं हैं।
कुंदरकी सीट से उपचुनाव जीतकर विधायक बने ठाकुर रामवीर सिंह के बेटे विक्की ठाकुर विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी तरह कांठ से पूर्व विधायक राजेश सिंह उर्फ चुन्नू अपने बेटे के लिए राजनीतिक राह बनाने में जुटे बताए जा रहे हैं।
दिवंगत पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह अपने जीवनकाल में बेटे सुशांत सिंह को राजनीति में स्थापित कर चुके थे। सुशांत सिंह वर्तमान में बढ़ापुर सीट से विधायक हैं। अब सर्वेश सिंह की पत्नी साधना सिंह के जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव लड़ने की चर्चा है। ठाकुरद्वारा में पूर्व जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान भी अपने बेटे की सियासी एंट्री को लेकर प्रयासरत बताए जाते हैं।
अन्य जिलों में भी समान हालात
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह के बेटे शुभम संगठन के जरिए राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा से शुरुआत की और जिला स्तर पर जिम्मेदारी संभाली है।
संभल में मंत्री गुलाब देवी की दोनों बेटियां सक्रिय राजनीति में हैं। एक प्रवक्ता के रूप में और दूसरी ब्लॉक प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही हैं। मंत्री के पति भी राजनीतिक पद पर हैं।
नोएडा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह पहले से सक्रिय राजनीति में स्थापित हैं। अब उनके दूसरे बेटे नीरज के संगठन के रास्ते सक्रिय होने की चर्चाएं हैं। बुलंदशहर में पूर्व मंत्री अनिल शर्मा भी अपने बेटे को राजनीति में आगे लाने की तैयारी में बताए जाते हैं।
हापुड़ की जिलाध्यक्ष कविता मादरे की वर्तमान टीम में उनके पति महामंत्री हैं। नई टीम के गठन में उनके नाम को लेकर भी चर्चा है।
कार्यकर्ताओं में बढ़ी बेचैनी
पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं में इस स्थिति को लेकर असंतोष की चर्चा है। कई कार्यकर्ता लंबे समय से संगठन में सक्रिय हैं और नई टीम में अवसर की उम्मीद लगाए हुए हैं। जिला और महानगर अध्यक्षों के सामने अब संतुलन साधने और निर्धारित समय सीमा में नई टीम घोषित करने की चुनौती है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।