Noida International Airport ने किस कंपनी को दी मोबिलिटी की जिम्मेदारी

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (25/02/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने ग्राउंड मोबिलिटी सेवाओं के लिए Mann Fleet Partners Limited को अपना आधिकारिक साझेदार नियुक्त किया है। एयरपोर्ट संचालन से पहले की तैयारियों के तहत यह समझौता किया गया है, ताकि यात्रियों को बेहतर और सुगम परिवहन सुविधा मिल सके।

कंपनी एयरपोर्ट पर रेंटल कार सेवा, प्रीमियम केरब साइड पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ सुविधा उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा इंट्रा-टर्मिनल और इंट्रा-सिटी शटल सेवाएं भी संचालित की जाएंगी। इन सेवाओं के जरिए यात्रियों और कर्मचारियों को एयरपोर्ट तक आने-जाने में सुविधा होगी।

बस कनेक्टिविटी के तहत एयरपोर्ट को परी चौक, बॉटनिकल गार्डन और ग्रेटर नोएडा वेस्ट से जोड़ा जाएगा। यात्री संख्या बढ़ने के साथ चरणबद्ध तरीके से अतिरिक्त रूट भी शुरू किए जाएंगे, जिससे एयरपोर्ट की सतही परिवहन व्यवस्था का विस्तार होगा।

फिलहाल एयरपोर्ट तक मेट्रो और रैपिड रेल कनेक्टिविटी को शुरू होने में अभी कुछ वर्ष लगेंगे। ऐसे में यह साझेदारी अंतिम मील कनेक्टिविटी को मजबूत करने और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा कि, विश्वस्तरीय यात्री अनुभव के लिए सुगम और प्रभावी ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि यह साझेदारी विविध, भरोसेमंद और उच्च गुणवत्ता वाली मोबिलिटी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Mann Fleet Partners Limited के प्रबंध निदेशक अमृत मान ने कहा कि कंपनी अपने बेड़े और संचालन अनुभव का उपयोग करते हुए एयरपोर्ट के दीर्घकालिक विकास में सहयोग करेगी। यह समझौता एयरपोर्ट की, उन मौजूदा व्यवस्थाओं का पूरक है, जिनके तहत उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, दिल्ली परिवहन निगम, हरियाणा रोडवेज और उत्तराखंड परिवहन निगम के जरिए एयरपोर्ट को चार राज्यों के दो दर्जन से अधिक शहरों से जोड़ा जाएगा।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विकास Yamuna International Airport Private Limited द्वारा किया जा रहा है, जो Zurich Airport International AG की सहायक कंपनी है। यह परियोजना 1 अक्टूबर 2021 से शुरू हुए 40 वर्षीय पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित की जा रही है।

पहले चरण में एयरपोर्ट पर एक रनवे और यात्री टर्मिनल बनाया जा रहा है, जिसकी वार्षिक क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों की होगी। आगामी चरणों में इसे बढ़ाकर 7 करोड़ से अधिक यात्रियों की क्षमता तक विस्तारित किया जा सकेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।