सफाईकर्मियों को बड़ी राहत: सैलरी से लेकर इंश्योरेंस तक नोएडा प्राधिकरण की तरफ से खुशखबरी
टेन न्यूज नेटवर्क
NOIDA News (24/02/2026): नौएडा प्राधिकरण में श्रमशक्ति आपूर्तिकर्ता (2.5%) के माध्यम से कार्यरत सफाईकर्मियों के विभिन्न संगठनों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सोमवार को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद सफाईकर्मियों के प्रतिनिधियों और नौएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के बीच विस्तृत वार्ता हुई, जिसमें कई अहम मांगों पर सहमति बन गई।
वार्ता के दौरान सफाईकर्मियों की लंबे समय से उठाई जा रही मांग के क्रम में प्रत्येक माह मिलने वाले तेल-साबुन आदि के भत्ते में वृद्धि को शीघ्र लागू करने पर सहमति व्यक्त की गई। इसके साथ ही वर्षा ऋतु से पूर्व सभी सफाईकर्मियों को रेनकोट उपलब्ध कराने की मांग को भी स्वीकार करते हुए बरसात शुरू होने से पहले रेनकोट वितरण सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
मेडिकल सुविधा को लेकर भी कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। श्रमशक्ति आपूर्तिकर्ता के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को मेडिकल इंश्योरेंस उपलब्ध कराने के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि सक्षम स्तर से पूर्व में ही अनुमोदन प्राप्त किया जा चुका है। अब शीघ्रातिशीघ्र आरएफपी आमंत्रित कर एजेंसी का चयन किया जाएगा, जिसके बाद सफाईकर्मियों को मेडिकल इंश्योरेंस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अतिरिक्त विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने सफाई कार्यों की गुणवत्ता सुधार और स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के उद्देश्य से जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मियों को सिविल विभाग में विलय किए जाने को लेकर अपना पक्ष रखा। इस विषय पर प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किए गए प्रशासनिक परिवर्तन और आगामी कार्यप्रणाली को लेकर सभी संविदा कर्मचारी संगठनों, सफाईकर्मियों, सुपरवाइजरों और अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस संबंध में एक संयुक्त बैठक 26 फरवरी 2026 को अपराह्न में पंचशील बालक इंटर कॉलेज, सेक्टर-91 में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्राधिकरण के विभिन्न संविदा कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि और श्रम आपूर्तिकर्ता भी शामिल होंगे। प्राधिकरण और कर्मचारियों के बीच बनी यह सहमति शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।