जाममुक्त नौएडा की ओर बड़ा कदम: Noida Authority का लगातार चल रहा बुलडोजर एक्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (24/02/2026): नौएडा को सुगम, सुरक्षित और जाम-फ्री बनाने की दिशा में नौएडा प्राधिकरण ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को अवैध वेंडर्स, ठेली-पटरियों और अनधिकृत अतिक्रमण से मुक्त कराने के उद्देश्य से वर्क सर्किल-1 से 10 के अंतर्गत अतिक्रमण-उन्मूलन दस्तों ने एक साथ 14 क्षेत्रों में अभियान चलाया।

इस कार्रवाई के दौरान सेक्टर-6, डीएससी रोड, अट्टा मार्केट, एक्सप्रेस-वे के समानांतर 45 मीटर रोड, सेक्टर-63, सेक्टर-70, सेक्टर-120, नयागांव मंडी, सेक्टर-87, सेक्टर-85, सेक्टर-133 व 134 के मध्य मार्ग, नगला-नगली, सेक्टर-129 व 132 के मध्य मार्ग और ग्राम कोण्डली में अवैध रूप से लगाए गए वेंडिंग स्टॉल और ठेलियों को हटाया गया। अभियान के चलते कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में सुधार और पैदल चलने वालों को राहत मिलती दिखाई दी।

प्राधिकरण के अनुसार, अनधिकृत वेंडर्स को लेकर जनमानस, आरडब्ल्यूए, फोनरवा, औद्योगिक संगठनों और अन्य माध्यमों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन्हीं शिकायतों के समाधान और शहर को जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रतिदिन नियमित रूप से अतिक्रमण-उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा।

नौएडा प्राधिकरण का मानना है कि सड़कों के किनारे और सार्वजनिक स्थलों से अवैध अतिक्रमण हटने से न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी, बल्कि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवाजाही का लाभ भी मिलेगा। यह पहल शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।