बादलपुर क्षेत्र में करंट से लाइनमैन की मौत, विभागीय लापरवाही का आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (24 February 2026): ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बिजली का फाल्ट ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक संविदा लाइनमैन की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को NH 91 पर रखकर प्रदर्शन किया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों यातायात प्रभावित रहा।

मृतक की पहचान जारचा निवासी रवि के रूप में हुई है, जो बिजली विभाग में संविदा आधार पर लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब नौ बजे दादरी की बालाजी एन्क्लेव कॉलोनी में विद्युत फाल्ट की शिकायत मिली थी। रवि फाल्ट सुधारने के लिए मौके पर पहुंचा और नियमानुसार शटडाउन लेकर खंभे पर चढ़कर काम शुरू किया।

परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि शटडाउन के बावजूद अचानक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे रवि करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गहरा आक्रोश जताया। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। परिजनों का कहना था कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता और शटडाउन की प्रक्रिया का सही तरीके से पालन होता, तो यह हादसा टल सकता था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बादलपुर सहित आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। प्रदर्शन के चलते एनएच-91 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई और जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।