जेवर में सेमीकंडक्टर यूनिट का शिलान्यास: विकास की उम्मीद के साथ रोजगार की मांग
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (22/02/2026): जेवर इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया, जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 3,700 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश वाली उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट “इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड” का शिलान्यास किया। जेवर में स्थापित होने वाली यह अत्याधुनिक परियोजना HCL Technologies और Foxconn का संयुक्त उपक्रम है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े और परियोजना को देश के तकनीकी भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के दौरान कई लोग मौजूद रहे, जिनमें केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव, HCL की चेयरपर्सन रोशनी नाडर मल्होत्रा, फॉक्सकॉन अध्यक्ष बॉब चेन, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, उत्तर प्रदेश के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री सुनील कुमार शर्मा, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉक्टर महेश शर्मा तथा राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर , जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, नोएडा विधायक पंकज सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नगर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, बीजेपी गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, बीजेपी नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान शामिल रहे।
टेन न्यूज से बातचीत में स्थानीय लोगों ने कहा कि जेवर क्षेत्र में चल रहे नए विकास कार्यों से नौजवानों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और इलाके की तरक्की होगी। लोगों के अनुसार, क्षेत्र में नई कंपनियों के आने, ट्रांसपोर्ट हब बनने और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से जेवर तेजी से बदल रहा है। उनका कहना है कि पहले यह क्षेत्र पिछड़ा माना जाता था, लेकिन अब विकास की रफ्तार साफ दिखाई दे रही है और आगे भी बड़े निवेश आने की उम्मीद है।
कुछ युवाओं ने बताया कि, पहले की तुलना में अब शिक्षा, सड़क, बिजली और पानी जैसी सुविधाओं में काफी सुधार हुआ है, जिससे गाँवों का जीवन स्तर बेहतर हुआ है। उनका मानना है कि यदि इसी तरह विकास कार्य जारी रहे तो आने वाले समय में क्षेत्र रोजगार और सुविधाओं के मामले में और मजबूत होगा। लोगों ने कहा कि अब गाँवों में भी शहर जैसी सुविधाएँ मिलने लगी हैं।
वहीं कई स्थानीय लोगों ने रोजगार को लेकर असंतोष भी जताया। उनका कहना है कि, जिनकी जमीन परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित की गई, उन्हें अपेक्षित नौकरी नहीं मिली। लोगों का आरोप है कि कंपनियों में बाहरी जिलों और राज्यों के लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि स्थानीय युवाओं को मौका नहीं दिया जा रहा। उनका कहना है कि रोजगार देने के वादे पूरे नहीं हुए और इससे स्थानीय लोगों में नाराज़गी है।
अशोक पहलवान ने कहा कि, सेमीकंडक्टर परियोजना और एयरपोर्ट से क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा और आने वाले वर्षों में जेवर दिल्ली-एनसीआर का प्रमुख केंद्र बन सकता है। नीरज कुमार ने भी विकास कार्यों को सकारात्मक बताते हुए कहा कि अगले पाँच से दस वर्षों में क्षेत्र और आगे बढ़ेगा। योगेंद्र कुमार ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में विकास तेज हुआ है और जमीन के दाम बढ़े हैं, जबकि सुरेंद्र सिंह ने कहा कि नई परियोजनाएँ आने वाली पीढ़ी के लिए अवसर लेकर आएंगी।
अन्य लोगों ने कहा कि, विकास तभी सार्थक होगा जब स्थानीय निवासियों को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए। उनका कहना है कि जमीन जाने के बाद लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है, इसलिए नई परियोजनाओं में स्थानीय युवाओं को निश्चित हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। लोगों ने उम्मीद जताई कि सरकार इस मुद्दे पर ध्यान देगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के ठोस प्रावधान करेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।