दिल्ली चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा आरोप – AAP और कांग्रेस को आतंकवादियों से मिला चंदा!

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (20 जनवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा ने आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि दोनों पार्टियां आतंकवादियों और राष्ट्रविरोधी ताकतों से फंडिंग ले रही हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक प्रेस वार्ता में इन दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है, लेकिन कुछ पार्टियां राजनीतिक लाभ के लिए देशविरोधी ताकतों का समर्थन कर रही हैं।

“AAP और कांग्रेस का राष्ट्रवाद पर रवैया संदिग्ध”

अनुराग ठाकुर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी का राष्ट्रवाद पर स्टैंड हमेशा सवालों के घेरे में रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और अफजल गुरु की फांसी को लेकर इन नेताओं ने सवाल उठाए थे। ठाकुर ने दावा किया कि केजरीवाल टुकड़े-टुकड़े गैंग और खालिस्तान समर्थकों के साथ खड़े हैं और उन्होंने पंजाब चुनाव के दौरान आतंकियों के घर पर रुककर गलत संदेश दिया।

AAP पर दंगे भड़काने का आरोप

भाजपा नेता ने दिल्ली दंगों को लेकर भी AAP पर हमला बोला। अनुराग ठाकुर ने कहा कि दिल्ली दंगों में आप नेता ताहिर हुसैन की भूमिका उजागर हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP ने दंगों के जरिए चुनावी माहौल को प्रभावित करने की कोशिश की और बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को संरक्षण देकर सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ा।

“AAP के स्लीपर सेल कर रहे हैं दिल्ली में अस्थिरता पैदा”

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी AAP पर हमला बोलते हुए कहा कि यह पार्टी राजधानी में अस्थिरता फैलाने की साजिश कर रही है। हाल ही में दिल्ली के स्कूलों में बम धमाके की धमकी मिलने की घटनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि इसके पीछे AAP के स्लीपर सेल का हाथ हो सकता है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसी राष्ट्रविरोधी ताकतों का समर्थन न करें।

चुनावी मुकाबला राष्ट्रवाद बनाम राष्ट्रविरोध पर केंद्रित

दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार राष्ट्रवाद और सुरक्षा सबसे बड़े मुद्दे बनते नजर आ रहे हैं। भाजपा ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी सख्त नीति को चुनावी मंच पर प्रमुखता से रखा है, वहीं AAP और कांग्रेस को राष्ट्रविरोधी ताकतों के समर्थन का आरोप लगाकर घेरने की रणनीति अपनाई है।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इन आरोप-प्रत्यारोपों का चुनावी नतीजों पर कितना असर पड़ता है और क्या भाजपा की राजनीति दिल्ली की जनता को अपने पक्ष में करने में सफल होती है या नहीं।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।