‘चिप क्रांति’ का शंखनाद: जेवर से उठी तकनीकी आत्मनिर्भर भारत की नई लहर

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (21 फरवरी 2026): उत्तर प्रदेश की धरती पर विकास की एक और ऐतिहासिक इबारत लिखी गई, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने जेवर में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट “इंडिया चीफ लिमिटेड” की आधारशिला रखी। यह सिर्फ एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि भारत के टेक्नोलॉजिकल आत्मनिर्भरता मिशन की ठोस शुरुआत मानी जा रही है। HCL Technologies और Foxconn के संयुक्त उपक्रम से स्थापित होने वाली यह यूनिट जेवर को ग्लोबल चिप मैन्युफैक्चरिंग मैप पर स्थापित करने की दिशा में निर्णायक कदम है।

शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव (Union Minister Ashwini Vaishnaw), MoS जितिन प्रसाद, गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ महेश शर्मा (Dr Mahesh Sharma), जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, उद्योगपति और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

“यह दशक भारत का है”: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “भारत के पास रुकने का समय नहीं है। यह दशक भारत का है। जहां सेमीकंडक्टर यूनिट लगती है, वहां डिजाइन सेंटर, स्टार्टअप इकोसिस्टम और इनोवेशन स्वतः विकसित होते हैं। उत्तर प्रदेश में भी अब यही परिवर्तन देखने को मिलेगा।”

उन्होंने कहा, “भारत को चिप मैन्युफैक्चरिंग में आत्मनिर्भर बनाना है। आज दुनिया भारत को टेक फ्यूचर के सेंटर के रूप में देख रही है और भारत किसी भी वैल्यू चेन की रेजिलिएंस को मजबूत करता है।”

“सेमीकंडक्टर से खुलेंगे मैन्युफैक्चरिंग के नए द्वार”: अश्विनी वैष्णव

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, “सेमीकंडक्टर जिस देश में होता है, वहां मैन्युफैक्चरिंग की असीम संभावनाएं खुल जाती हैं। एक छोटी-सी चिप के बिना करोड़ों की मशीन भी नहीं चल सकती। अब उत्तर प्रदेश में हर महीने 3 करोड़ 60 लाख चिप्स बनेंगी।” उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है और अब चिप निर्माण के क्षेत्र में भी बड़ी छलांग लगाने जा रहा है।

“उत्तर प्रदेश निवेश का ड्रीम डेस्टिनेशन”: योगी आदित्यनाथ

इस विशेष अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश स्किल, स्केल और स्पीड के साथ आगे बढ़ रहा है। 34 से अधिक सेक्टोरल पॉलिसियों और बेहतर कानून व्यवस्था ने प्रदेश को निवेश का ड्रीम डेस्टिनेशन बना दिया है। जो क्षेत्र कभी अंधेरे में था, वही आज इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट और मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का हब बन रहा है।”

“आज निवेशक बाय चॉइस गौतमबुद्ध नगर आ रहे हैं”: सांसद डॉ. महेश शर्मा

गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदली है। आज कुल निवेश का 26 प्रतिशत हिस्सा गौतमबुद्ध नगर को मिला है। पहले उद्योग पलायन करते थे, आज निवेशक ‘बाय चॉइस’ यहां आ रहे हैं क्योंकि यहां कानून का राज है।”
उन्होंने कहा कि मजबूत आधारभूत संरचना और सख्त कानून व्यवस्था ने प्रदेश को औद्योगिक हब बना दिया है।

“भारत की टेक्नोलॉजिकल आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव”: रोशनी नागर मल्होत्रा

एचसीएल की चेयरपर्सन रोशनी नागर मल्होत्रा ने कहा, “आज हम केवल एक मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी की शुरुआत नहीं कर रहे, बल्कि भारत की टेक्नोलॉजिकल आत्मनिर्भरता की दिशा में ठोस कदम उठा रहे हैं। यह यूनिट हर महीने लगभग 3.6 करोड़ डिस्प्ले ड्राइवर चिप्स का उत्पादन करेगी और भारत को सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन में सशक्त बनाएगी।” उन्होंने कहा कि यह परियोजना घरेलू मांग के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार को भी सप्लाई करेगी।

“यह फैक्ट्री नहीं, आने वाली पीढ़ियों का सुनहरा भविष्य है”: विधायक धीरेन्द्र सिंह

जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “मुख्यमंत्री जी ने जेवर को महज एक निर्वाचन क्षेत्र नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के विकास का द्वार बनाया है। यह सेमीकंडक्टर यूनिट केवल एक फैक्ट्री नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुनहरे भविष्य की नींव है। 2017 से पहले जेवर में सड़कें नहीं थीं, रोशनी नहीं थी, रोजगार नहीं था। आज वही जेवर डिजिटल इंडिया के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है।” उन्होंने कहा कि अब जेवर के युवा रोजगार के लिए बाहर नहीं जाएंगे, बल्कि अन्य राज्यों के युवाओं को यहां अवसर मिलेगा।

जेवर में स्थापित होने जा रही यह सेमीकंडक्टर यूनिट उत्तर भारत के औद्योगिक इतिहास का नया अध्याय साबित हो सकती है। इससे हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे और उत्तर प्रदेश को वैश्विक टेक्नोलॉजी मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।