दिल्ली में SIR की तैयारी तेज, जानें कब से शुरू होगा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (20 February 2026): दिल्ली की मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। बिहार समेत अन्य राज्यों के बाद अब इसे दिल्ली में लागू किया जाएगा। इस संबंध में चुनाव आयोग ने दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजकर तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं। संभावना है कि अप्रैल महीने से यह प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची से फर्जी और अपात्र नाम हटाकर एक साफ-सुथरी इलेक्टोरल रोल तैयार करना है।
अभियान के तहत सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस बार प्रक्रिया केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आधुनिक मोबाइल एप और आधार डेटा के लॉजिकल मिलान के जरिए डिजिटल सत्यापन भी किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार लक्ष्य ‘जीरो एरर’ मतदाता सूची तैयार करना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक छूट न जाए और मृत या स्थायी रूप से पलायन कर चुके लोगों के नाम सूची में न बने रहें। इसके लिए नगर निगम के मृत्यु प्रमाण पत्र रिकॉर्ड से भी मिलान किया जाएगा।
दरअसल, दिल्ली जैसे महानगर में तेजी से शहरीकरण और बड़ी संख्या में प्रवासियों के आने-जाने के कारण मतदाता सूची में कई विसंगतियां सामने आती रही हैं। एक ही पते पर कई नाम दर्ज होने या एक ही फोटो से जुड़े अनेक मतदाता होने जैसी शिकायतें मिलती रही हैं। आयोग का मानना है कि SIR के माध्यम से इन त्रुटियों को दूर किया जा सकेगा। स्वैच्छिक आधार नंबर मिलान और डेटा क्रॉस-वेरिफिकेशन के जरिए सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है।
इस फैसले के बाद राजधानी की राजनीति भी सक्रिय हो गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) और कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। विपक्ष ने जहां इसे मतदाता सूची में संभावित गड़बड़ियों को रोकने के लिए जरूरी कदम बताया है, वहीं कुछ राजनीतिक हलकों में आशंका जताई जा रही है कि प्रक्रिया के दौरान वास्तविक मतदाताओं के नाम न कट जाएं। हालांकि आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी नाम को हटाने से पहले संबंधित व्यक्ति को नोटिस देकर सुनवाई का अवसर दिया जाएगा।
इधर, भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई ने SIR अभियान का स्वागत किया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि इससे अवांछित मतदाताओं के नाम हटाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश और जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की टीमें तैयार की गई हैं, जिनमें विधिक सलाह के लिए वकील भी शामिल हैं। पार्टी ने चुनाव आयोग को पूरा सहयोग देने की बात कही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।