वीरमपुर गांव में 1 करोड़ की जमीन घोटाले का पर्दाफाश, कोर्ट के आदेश की अनदेखी
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (20 जनवरी 2025): रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के वीरमपुर गांव में एक करोड़ रुपये मूल्य की जमीन के फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। आरोप है कि कोर्ट के स्टे आदेश को अनदेखा करते हुए इस जमीन को फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेच दिया गया। इस मामले ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
मोहम्मदपुर गुर्जर गांव निवासी भान सिंह ने रबूपुरा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि यह जमीन पहले से ही विवादित थी और जेवर की सिविल कोर्ट ने विवाद सुलझने तक जमीन पर स्टे आदेश जारी किया था। इसके बावजूद मई 2024 में विपक्षी पक्ष ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन को बेच दिया। भान सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी अब जबरन जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।
इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को नामजद किया है, जिनमें मुंबई निवासी मोहम्मद जिशान, रबूपुरा के रामकुमार, गांव म्याना के पिंटू और संदीप, तथा वीरमपुर के अजय शामिल हैं। इनके अलावा, कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। रबूपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देते हुए उन्होंने कहा कि इसमें शामिल सभी व्यक्तियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
घटना के बाद वीरमपुर गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि मामले में निष्पक्षता सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था और कोर्ट के आदेशों की अनदेखी के गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने इस मामले में त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।