रोहिणी के अंबेडकर अस्पताल से अगवा नवजात 12 घंटे में बरामद

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (19 February 2026): दिल्ली के रोहिणी इलाके में स्थित डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अस्पताल से अगवा किए गए तीन दिन के नवजात शिशु को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया था। उत्तरी रोहिणी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला और उसके पुरुष साथी को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे से गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत बड़ी सफलता माना जा रहा है।

घटना 17 फरवरी की सुबह सामने आई, जब नरेला निवासी जाकिर अली की पत्नी ने प्रसव कक्ष से अपने नवजात के गायब होने की सूचना दी। महिला ने 14 फरवरी को बेटे को जन्म दिया था। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान 30-35 वर्ष की एक अज्ञात महिला उनसे लगातार मिलती-जुलती रही और भरोसा जीत लिया। मंगलवार तड़के करीब 5 बजे वह महिला बच्चे को गोद में लेकर मां को आराम करने के लिए कहकर बैठी रही। थकान के कारण मां की आंख लग गई और जब सुबह करीब 8 बजे नींद खुली तो बच्चा और संदिग्ध महिला दोनों गायब थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल सीपी राजीव रंजन और थाना प्रभारी अमित तिवारी के नेतृत्व में कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी सर्विलांस बढ़ाया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर मिली। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा और नवजात को सुरक्षित बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रानी (बदला हुआ नाम), निवासी सिरासपुर, दिल्ली और अहीबरन सक्सेना, निवासी उन्नाव, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि अहीबरन नोएडा के पत्थर मार्केट में काम करता है। पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि क्या यह वारदात किसी बड़े बच्चा चोरी गिरोह से जुड़ी है या फिर किसी अन्य व्यक्ति के इशारे पर अंजाम दी गई। फिलहाल नवजात को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और आगे की जांच जारी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।