Greater Noida News (16/02/2026): इंडस्ट्रियल बिज़नेस एसोसिएशन (IBA) ने रविवार देर रात ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गोल्डन ड्रीम में अपना दूसरा स्थापना दिवस समारोह भव्यता और उत्साह के साथ मनाया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर सांसद डॉ. महेश शर्मा , एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजीव नारायण मिश्रा तथा डीएसपी महिला सुरक्षा मनीष सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि उद्यमी पैदा होते हैं, बनाए नहीं जाते। उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया कि एक समय उनके पास मेज-कुर्सी खरीदने तक के पैसे नहीं थे और स्कूटर भी नहीं था, लेकिन कुछ बड़ा करने का जुनून था। मात्र ₹600 की शुरुआती पूंजी से शुरू हुआ उनका सफर आज कैलाश हॉस्पिटल समूह के 11 अस्पतालों तक पहुंच चुका है, जहां लगभग 9,000 लोग कार्यरत हैं।

उन्होंने कहा कि व्यापार में सफलता के दो मूल आधार ग्राहक संतुष्टि और विश्वास हैं। यदि ग्राहक को उचित गुणवत्ता और सेवा मिले तो संस्था की साख स्वतः मजबूत होती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि व्यवसाय केवल धन कमाने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर है।
सांसद ने उद्यमियों से “देने की भावना” अपनाने की अपील करते हुए कहा कि जो लोग दूसरों को रोजगार देते हैं, वे समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देते हैं। उन्होंने व्यापारिक संगठनों से व्यक्तिगत हित से ऊपर उठकर जरूरतमंदों की सहायता करने और स्थानीय स्तर पर एक-दूसरे के व्यवसाय को सहयोग देने का आह्वान किया।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजीव नारायण मिश्रा ने समारोह में उपस्थित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि पुलिस टीम नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए 24 घंटे तत्पर रहती है। आगजनी, औद्योगिक सुरक्षा या किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने आगामी महाशिवरात्रि, रमज़ान और होली जैसे त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन हेतु आरडब्ल्यूए और औद्योगिक संगठनों से सहयोग की अपील की।
IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि संस्था का उद्देश्य उद्यमियों को एक मजबूत मंच प्रदान करना और शासन-प्रशासन तथा उद्योग जगत के बीच सेतु की भूमिका निभाना है। उन्होंने बताया कि स्थापना के बाद से ही बड़ी संख्या में उद्यमी संस्था से जुड़े हैं।

IBA की उपाध्यक्ष खुशबू सिंह ने कहा कि संस्था उद्यमियों के साथ-साथ उनके कर्मचारियों और श्रमिकों को भी अवसर और सहयोग देने का प्रयास करती है। विशेष रूप से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में संस्था सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।

समारोह के दौरान उद्योग सुरक्षा, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, महिला सुरक्षा, MSME प्रोत्साहन और निवेश विस्तार जैसे मुद्दों पर महत्वपूर्ण संकल्प लिए गए। IBA ने उद्योग और प्रशासन के बीच मजबूत समन्वय स्थापित कर जिले को देश की अग्रणी औद्योगिक नगरी बनाने का लक्ष्य दोहराया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।