दनकौर में सड़क हादसे के बाद जाम व प्रदर्शन पर पुलिस सख्त, 12 नामजद समेत 42 पर केस दर्ज
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (14/02/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर कस्बे में 8 फरवरी को हुए सड़क हादसे के बाद प्रदर्शन और मुख्य मार्ग जाम करने के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। दनकौर पुलिस ने 12 नामजद और 30 अज्ञात लोगों सहित कुल 42 व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, यह एफआईआर दनकौर चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक शुभम गुप्ता की तहरीर पर शनिवार को दर्ज की गई। शिकायत में बताया गया है कि 8 फरवरी को बड़ी संख्या में लोग बिहारी लाल चौक पर एकत्र होकर धरने पर बैठ गए थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनके परिजन बबलू (48) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है और वे आरोपी वाहन चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और प्रदर्शनकारियों को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया, लेकिन भीड़ ने मांग पूरी होने तक धरना समाप्त करने से इनकार कर दिया। देखते ही देखते हालात तनावपूर्ण हो गए और मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया। इसके कारण राहगीरों, स्थानीय निवासियों और आपात सेवाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जबकि यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती बरती, प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया और काफी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया गया। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध कर शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में कार्रवाई की गई है। इस मामले में जगन, गीता, मुकेश, देवेंद्र, जोगेंद्र, सुशील, अमित, गोलू, रवि गौतम उर्फ सिंग्गन, अशोक, बबीत और दिनेश को नामजद किया गया है, जबकि अन्य 30 लोगों को अज्ञात दर्शाया गया है।
कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और जांच निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी मांगों को शांतिपूर्ण और कानून के दायरे में रखकर रखें, ताकि आम जनता को असुविधा न हो।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।