New Delhi News (09 फरवरी 2026): ‘साहब, बीवी और गैंगस्टर’, ‘सुपरनानी’, ‘लाल रंग’, ‘रॉकस्टार’ और ‘कुछ करिए’ जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुकी बॉलीवुड अभिनेत्री श्रेया नारायण हाल ही में अपने एक इंस्टाग्राम वीडियो को लेकर चर्चा में आ गईं। वीडियो में श्रेया ने बस इतना कहा—“उसने बुलाया था”। इस एक पंक्ति ने सोशल मीडिया पर कौतूहल पैदा कर दिया और लोग जानने लगे कि आखिर श्रेया को किसने और कहां बुलाया था।
हालांकि, वीडियो के अगले हिस्से में सस्पेंस से पर्दा उठ गया। दरअसल ‘उसने बुलाया था’ मशहूर पत्रकार-लेखक पीयूष पांडे के क्राइम फिक्शन उपन्यास का नाम है। श्रेया नारायण ने इस किताब को एक अनोखे और सनसनीखेज अंदाज में प्रमोट करने के लिए यह वीडियो बनाया था। श्रेया ने कहा कि वह इस कहानी को सबसे पहले पढ़ने वालों में शामिल हैं और यह उपन्यास देश की हर लड़की से जुड़ा एक बेहद जरूरी सवाल उठाता है। उन्होंने बताया कि भले ही यह एक क्राइम फिक्शन है, लेकिन इसकी संवेदनशीलता और सामाजिक संदर्भ इसे खास बनाते हैं। इसी वजह से उन्होंने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाने के लिए वीडियो को थोड़ा थ्रिलर स्टाइल में पेश किया।
‘उसने बुलाया था’ एक ऐसी युवती की कहानी है, जो मनोविज्ञान (साइकोलॉजी) में शोध कर रही होती है। एक अप्रत्याशित घटना उसकी जिंदगी को पूरी तरह बदल देती है और वह खुद को अपराधी के तौर पर अदालत की दहलीज पर खड़ा पाती है। अदालत में रोज होने वाले नए खुलासे इस केस को देश के सबसे सनसनीखेज मामलों में शामिल कर देते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि जब पीयूष पांडे इस कहानी पर काम कर रहे थे, तब श्रेया नारायण ने ही उन्हें सुझाव दिया था कि इस कहानी में फिल्म या वेब सीरीज़ बनने की पूरी क्षमता है, इसलिए पहले इसका स्क्रीनप्ले लिखा जाना चाहिए। पीयूष पांडे बताते हैं कि जब उन्होंने इस कहानी का प्लॉट निर्देशक शिवम नायर (नाम शबाना, द डिप्लोमैट) को सुनाया तो उन्होंने इसे शानदार बताया। वहीं, ‘चक दे इंडिया’ जैसी फिल्मों के चर्चित लेखक जयदीप साहनी ने भी पूरी कहानी सुनने के बाद इसकी जमकर सराहना की, जिससे उनका आत्मविश्वास और बढ़ा।
पीयूष पांडे ने बताया कि उन्होंने पहले इस कहानी का स्क्रीनप्ले ही लिखा था और संयोग से सिंगापुर फिल्म मार्केट में कुछ निर्माता भी मिले, जो इस पर फिल्म बनाना चाहते थे। हालांकि, उस समय वह एक बड़े न्यूज़ चैनल से जुड़े थे और तय समय पर पूरा स्क्रीनप्ले और डायलॉग नहीं दे सके, जिससे यह प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ पाया।
वर्ष 2018 में खुद श्रेया नारायण ने सिंगापुर में इस कहानी को कई निर्माताओं के बीच पिच भी किया था। पीयूष पांडे कहते हैं कि फिल्म बने या न बने, लेकिन उन्होंने एक बेहद जरूरी कहानी को उपन्यास का रूप देकर पाठकों तक पहुंचा दिया है।
उपन्यास ‘उसने बुलाया था’ को पेंगुइन स्वदेश ने प्रकाशित किया है। इससे पहले पीयूष पांडे अभिनेता मनोज बाजपेयी की चर्चित बायोग्राफी लिख चुके हैं, जिसे हिंदी और अंग्रेजी में पेंगुइन रेंडम हाउस ने प्रकाशित किया है। इसके गुजराती और मराठी संस्करण भी पाठकों के बीच आ चुके हैं।
कुल मिलाकर, श्रेया नारायण का यह वीडियो सिर्फ एक प्रमोशनल स्टंट नहीं, बल्कि एक गंभीर और संवेदनशील कहानी की ओर लोगों का ध्यान खींचने की कोशिश है—एक ऐसी कहानी, जो आज के समय में खास मायने रखती है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।