12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल को लेकर सीटू का जोरदार प्रचार अभियान

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (08/02/2026): ट्रेड यूनियनों के संयुक्त आह्वान पर 12 फरवरी 2026 को प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए सीटू ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में व्यापक स्तर पर प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को सीटू कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली, सभाओं और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से मजदूरों और आम लोगों को हड़ताल के मुद्दों से अवगत कराया।

सीटू जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार राघव और जिला सहसचिव पारस रजक के नेतृत्व में अंबुजा सीमेंट कंपनी से बाइक रैली की शुरुआत की गई। यह रैली जीटी रोड, दादरी बस अड्डा और रेलवे फाटक से होते हुए नवीन सब्जी मंडी पहुंची, जहां सभा के साथ इसका समापन हुआ। सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार राघव ने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच मजदूरों के लिए न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये मासिक तय किया जाना जरूरी है। उन्होंने नई श्रम संहिताओं को निरस्त करने और पुराने श्रम कानूनों को सख्ती से लागू करने की मांग दोहराई।

सभा में जिला सहसचिव पारस रजक ने कहा कि मजदूर वर्ग गुलामी जैसे लेबर कोड्स को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि चारों श्रम संहिताओं के खिलाफ यह संघर्ष निर्णायक है और मजदूरों को अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर लड़ना होगा। यह आंदोलन करो या मरो की लड़ाई है और मजदूर निश्चित रूप से इसे जीतेंगे।

इसी क्रम में होजरी कॉम्प्लेक्स फेस-2, नोएडा, नगला, याकूबपुर, इलाबांस चौराहा और यूसुफपुर चक शाहबेरी में दिल्ली जन नाट्य मंच के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक और सभाओं का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में सीटू जिला महासचिव रामस्वारथ, उपाध्यक्ष रामसागर और सचिव नरेंद्र पांडे ने मजदूरों को संबोधित करते हुए हड़ताल के प्रमुख मुद्दों पर प्रकाश डाला और 12 फरवरी की हड़ताल को पूरी ताकत के साथ सफल बनाने की अपील की।

प्रचार अभियान की जानकारी देते हुए सीटू जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि हड़ताल के समर्थन में मेहनतकश वर्ग और आम नागरिकों का लगातार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल नोएडा और ग्रेटर नोएडा में व्यापक रूप से सफल होगी। सीटू नेताओं का कहना है कि मजदूरों के अधिकार, सम्मानजनक वेतन और सुरक्षित कार्य परिस्थितियों के लिए यह संघर्ष निर्णायक मोड़ पर है और इसमें श्रमिकों की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत बनेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।