दिल्ली पुलिस का ‘ऑपरेशन साइहॉक 3.0’: 955 साइबर अपराधी गिरफ्तार, ₹627 करोड़ की ठगी का पर्दाफाश
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (08 February 3026): दिल्ली पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन साइहॉक 3.0’ के तहत दिल्ली समेत 10 से अधिक राज्यों में 48 घंटे तक चले विशेष अभियान में 955 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पांच और छह फरवरी को चलाए गए इस तीसरे चरण के ऑपरेशन में पुलिस ने संगठित साइबर ठगी नेटवर्क पर एक साथ कई जगह छापेमारी कर ₹627 करोड़ की साइबर धोखाधड़ी का खुलासा किया।
ऑपरेशन के दौरान कुल 6552 संदिग्धों को बाउंड डाउन किया गया, जबकि 1608 से अधिक लोगों को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किए गए। पुलिस ने 262 पुरानी एफआईआर के आरोपितों को गिरफ्तार किया और 299 नई एफआईआर दर्ज की। नेशनल क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर इन साइबर अपराधियों के खिलाफ 3180 शिकायतें दर्ज थीं, जिनकी जांच में करोड़ों रुपये की ठगी सामने आई।
दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने ऑपरेशन की सफलता पर कहा कि साइबर धोखाधड़ी आज एक अलग-थलग अपराध नहीं, बल्कि एक संगठित और बहुस्तरीय इकोसिस्टम बन चुकी है। डिजिटल अरेस्ट, म्यूल बैंकिंग चैनल और कमजोर नागरिकों को निशाना बनाकर यह गिरोह काम करता है। ‘ऑपरेशन साइहॉक’ को इसी खतरे को ध्यान में रखकर एक स्ट्रक्चर्ड और लगातार चलने वाले अभियान के रूप में तैयार किया गया है, ताकि नेटवर्क को जड़ से तोड़ा जा सके और जनता का भरोसा मजबूत हो।
इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस यूनिट के संयुक्त आयुक्त रजनीश गुप्ता ने बताया कि यह पिछले चार महीनों में तीसरा बड़ा साइबर एनफोर्समेंट ऑपरेशन है। इस अभियान में 500 से अधिक पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया और असम, अरुणाचल प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब और केरल सहित कई राज्यों में एक साथ कार्रवाई की गई। यह पूरी तरह से फोकस्ड और समन्वित ऑपरेशन था।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान म्यूल बैंक अकाउंट ऑपरेटरों, डिजिटल फैसिलिटेटर्स और सिम लिंक्ड मददगारों को निशाना बनाया गया। इनके पकड़े जाने से स्टॉक मार्केट निवेश, नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, म्यूल अकाउंट और अन्य ऑनलाइन धोखाधड़ी से जुड़े कई मामलों का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि आने वाले समय में भी साइबर अपराध के खिलाफ ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।