दिल्ली पुलिस का ‘ऑपरेशन शस्त्र’ शुरू , “रील बनाने वाले लड़कों” हो जाएं सावधान

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (06 February 2026): राजधानी दिल्ली में तेजी से बढ़ते गन कल्चर और उससे जुड़ी आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। इस मुहिम को ‘ऑपरेशन शस्त्र’ नाम दिया गया है। खास तौर पर सोशल मीडिया पर बंदूक दिखाकर वीडियो बनाने, दहशत फैलाने और अपराध को ग्लैमराइज करने वालों को इस ऑपरेशन के तहत निशाने पर लिया गया है। दिल्ली पुलिस इसे अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बता रही है।

ऑपरेशन शस्त्र के तहत दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में 500 विशेष टीमों का गठन किया है, जिनमें करीब 2000 पुलिसकर्मी शामिल हैं। ये टीमें अलग-अलग जिलों में लगातार छापेमारी, निगरानी और जांच में जुटी हुई हैं। पुलिस का उद्देश्य सिर्फ अवैध हथियारों की बरामदगी ही नहीं, बल्कि गन कल्चर को जड़ से खत्म करना है, ताकि युवाओं और नाबालिगों को अपराध की राह पर जाने से रोका जा सके।

इस अभियान के दौरान अब तक 61 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और 67 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 15 नाबालिगों को भी पकड़ा है, जिन्हें हथियारों के साथ वीडियो बनाने या ऐसे कंटेंट से जुड़े मामलों में शामिल पाया गया। इसके अलावा, ऑपरेशन शस्त्र के तहत 69 अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं, जो अपराध की गंभीरता को दर्शाते हैं।

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया को भी इस कार्रवाई का बड़ा केंद्र बनाया है। पुलिस के मुताबिक अब तक करीब 6000 सोशल मीडिया अकाउंट्स स्कैन किए जा चुके हैं। इनमें से कई अकाउंट्स इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर बंदूक के साथ वीडियो पोस्ट कर गन कल्चर को बढ़ावा दे रहे थे। पुलिस ने इन अकाउंट्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि इस अभियान के दौरान 93 जिंदा कारतूस और 13 चाकू भी जब्त किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि कई वीडियो में गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गानों का इस्तेमाल कर खासकर नाबालिगों को अपराध की दुनिया में आकर्षित किया जा रहा था। दिल्ली पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन शस्त्र आगे भी जारी रहेगा और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के सख्त कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।