करावल नगर को टूरिस्ट हब बनाने की तैयारी, क्षेत्र को लेकर हुए ये बड़े ऐलान

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (06/02/2026): पूर्वी दिल्ली के करावल नगर को विकसित दिल्ली के प्रमुख केंद्र के रूप में तैयार करने की दिशा में दिल्ली सरकार ने कई बड़े विकास कार्यों का ऐलान किया है। कला, संस्कृति, भाषा एवं पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने सादतपुर एक्सटेंशन के बी-ब्लॉक में गली नंबर 1 और 2 का लोकार्पण करते हुए जनसंवाद कार्यक्रम में कहा कि आने वाले समय में करावल नगर न सिर्फ विकसित क्षेत्र बनेगा बल्कि एक प्रमुख पर्यटन केंद्र (Tourist Destination) के रूप में भी उभरेगा।

मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटक केंद्र, यमुना रिवर फ्रंट (Yamuna Riverfront), क्रूज पर्यटन (Cruise Tourism), बायो डायवर्सिटी पार्क (Biodiversity Park) और प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण जैसे विकास कार्यों से करावल नगर की तस्वीर बदलेगी। उन्होंने बताया कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली का सबसे बड़ा बायो डायवर्सिटी पार्क करावल नगर में विकसित करने की योजना है, जिसके लिए भूमि और अन्य प्रक्रियाएं पूरी होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।

कपिल मिश्रा ने दावा किया कि पिछली सरकार के दौरान ट्रांस यमुना क्षेत्र विकास बोर्ड के खाते में मात्र 1 करोड़ रुपये थे और काम ठप पड़ा था, जबकि वर्तमान सरकार ने पहले ही वर्ष में 728 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी है। साथ ही विकास निधियों के माध्यम से करावल नगर में 300 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे करावल नगर में इस वर्ष सीवर (Sewer) व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा, खजूरी, सोनिया विहार और सभापुर क्षेत्रों में काम तेज़ी से चल रहा है और सीवर कार्य पूरा होते ही गलियों का निर्माण भी शुरू होगा।

रोड सेफ्टी (Road Safety) को लेकर भी बड़े कदम उठाने की घोषणा की गई। मंत्री ने कहा कि करावल नगर में पहली बार कॉन्वेक्स मिरर (Convex Mirror) लगाए जाएंगे, जिससे ब्लाइंड स्पॉट कम होंगे और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। यह सुविधा अब तक केवल पॉश इलाकों में ही उपलब्ध थी।

उन्होंने कहा कि करावल नगर के सभी सरकारी स्कूलों में खेल सुविधाओं (Sports Facilities) का विस्तार किया जाएगा, जिसमें बैडमिंटन कोर्ट और अन्य खेल संसाधन विकसित किए जाएंगे। साथ ही क्षेत्र में नए अस्पताल और हर वार्ड में आरोग्य मंदिर खोलने की योजना है, ताकि लोगों को पास में ही बेहतर इलाज और मुफ्त दवाएं मिल सकें। गरीब और जरूरतमंदों के लिए जल्द ही दो अटल कैंटीन (Atal Canteen) भी शुरू की जाएंगी।

राशन कार्ड को लेकर चल रही आशंकाओं पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि टू-व्हीलर के आधार पर किसी का राशन कार्ड नहीं काटा जाएगा और सभी पात्र लोगों को लाभ मिलता रहेगा। उन्होंने बताया कि पात्रता के लिए वार्षिक आय सीमा बढ़ाकर 1.20 लाख रुपये कर दी गई है।

मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार चुनावी वादों को तेजी से पूरा कर रही है और होली व दिवाली पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने की योजना भी लागू की जा रही है। होली से पहले 20 फरवरी को पात्र महिलाओं के खातों में पहली किश्त ट्रांसफर (Direct Transfer) की जाएगी। करावल नगर के विकास को लेकर किए गए इन ऐलानों से क्षेत्र के निवासियों में उम्मीद और उत्साह देखा जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।