दिल्ली वासियों को मिली बड़ी सौगात: सीएम ने कई परियोजनाओं का किया शुभारंभ

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (26 January 2026): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दक्षिण दिल्ली की तीन विधानसभा क्षेत्रों बदरपुर, संगम विहार और देवली में 300 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का सोमवार को शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केवल बजट का आंकड़ा नहीं, बल्कि दक्षिण दिल्ली के समग्र परिवर्तन की ठोस शुरुआत है। इन परियोजनाओं के माध्यम से बुनियादी ढांचे को मजबूत कर नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक जीवन देने का लक्ष्य रखा गया है।

इन विकास परियोजनाओं में सड़कों का निर्माण व मरम्मत, नालियों और ड्रेनेज सिस्टम का सुदृढ़ीकरण, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, पार्कों का विकास, डिस्पेंसरी और बारातघर जैसी सामुदायिक सुविधाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण करना नहीं, बल्कि ऐसी सुविधाएं तैयार करना है जो लंबे समय तक नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएं।

बदरपुर में 85 करोड़ के कार्यों की शुरुआत

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बदरपुर विधानसभा क्षेत्र में 85 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह वर्षों से प्रतीक्षित बदलाव की शुरुआत है। उन्होंने बताया कि ओखला लैंडफिल की समस्या के समाधान के लिए सरकार मिशन मोड में काम कर रही है और आने वाले समय में क्षेत्र की तस्वीर बदली हुई नजर आएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी विकास कार्य पारदर्शिता के साथ, समयबद्ध तरीके से और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरे किए जाएंगे।

संगम विहार को मिली 115 करोड़ की सौगात

संगम विहार विधानसभा में 115 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उन सवालों का जवाब है, जो वर्षों से यहां के लोग पूछते रहे—“हमारी बारी कब आएगी?” उन्होंने कहा कि अब टूटी सड़कें, ओवरफ्लो सीवर और गंदे पानी की समस्या अतीत बनेगी। सड़कों के पुनर्निर्माण, मजबूत सीवर व ड्रेनेज सिस्टम, पेयजल व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट सुधार से लाखों लोगों का जीवन अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक होगा।

देवली में 104 करोड़ से बदलेगी तस्वीर

मुख्यमंत्री ने देवली विधानसभा क्षेत्र में 104 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत को विकसित दिल्ली की दिशा में अहम कदम बताया। इन कार्यों में नई सड़कों का निर्माण, सीवर व ड्रेनेज नेटवर्क का विस्तार, पेयजल पाइपलाइन का सुदृढ़ीकरण, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण तथा स्वास्थ्य व सामुदायिक केंद्रों का विकास शामिल है। उन्होंने कहा कि देवली के लोग जिन मूलभूत सुविधाओं का वर्षों से इंतजार कर रहे थे, वे अब धरातल पर उतर रही हैं।

राजनीतिक नेतृत्व का समर्थन और भविष्य की उम्मीद

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य केवल निर्माण नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाना है। इस मौके पर उपस्थित सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली को विश्वस्तरीय राजधानी बनाने के सपने को रेखा गुप्ता की सरकार साकार कर रही है। उन्होंने तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए 300 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराने पर दक्षिण दिल्ली की जनता की ओर से मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि यह विकास अभियान आने वाले वर्षों में क्षेत्र को नई पहचान मिलने वाली है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।