IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर कंकाल मिलने से मचा हड़कंप, जांच में बड़ा खुलासा!

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (24 January 2026): दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) के टर्मिनल-3 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बॉक्स में इंसानी कंकाल मिलने की सूचना सामने आई। मामला सामने आते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने दिल्ली पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को जांच के दायरे में ले लिया गया।

दिल्ली पुलिस के अनुसार यह बॉक्स सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच डिपार्चर एरिया में एक एयरलाइन के ऑफिस के पास मिला था। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस विचित्र वीर ने बताया कि जांच में सामने आया कि एक यात्री को फ्लाइट में यह बॉक्स ले जाने की अनुमति नहीं मिली थी, जिसके बाद उसने इसे एयरलाइन स्टाफ के पास छोड़ दिया। कुछ समय बाद हाउसकीपिंग स्टाफ की नजर बॉक्स पर पड़ी, जिन्होंने तुरंत DIAL सिक्योरिटी को अलर्ट किया और फिर स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।

अलर्ट मिलने के बाद बॉक्स की गहन जांच की गई। शुरुआती तौर पर उसमें कंकाल जैसी आकृति देखकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। हालांकि, जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि यह कोई असली इंसानी कंकाल नहीं था, बल्कि मेडिकल और नर्सिंग कॉलेजों में पढ़ाई के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक शैक्षणिक मॉडल था।

पुलिस को बॉक्स पर लगी फर्म की लेबल और पता भी मिला, जिसके आधार पर संबंधित फर्म से संपर्क किया गया। फर्म से पुष्टि होने के बाद पूरा मामला साफ हो गया और किसी आपराधिक साजिश की आशंका से इनकार किया गया। फिलहाल पुलिस ने जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं और एयरपोर्ट पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।