Jammu Kashmir News (22 January 2026): जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को भारतीय सेना के वाहन के साथ एक दर्दनाक हादसा हो गया। डोडा से ऊपरी पोस्ट की ओर जा रही सेना की गाड़ी भद्रवाह-चंबा इंटरस्टेट रोड पर खन्नी टॉप के पास अचानक अनियंत्रित होकर करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस भयावह दुर्घटना में 10 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त वाहन में कुल 21 जवान सवार थे।
सेना के अधिकारियों के अनुसार, पहाड़ी और संकरी सड़क पर वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। खाई में गिरते ही गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सेना, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। दुर्गम इलाके और खराब मौसम के बावजूद बचाव अभियान तेजी से चलाया गया।
घायल जवानों को तत्काल हेलिकॉप्टर के जरिए घटनास्थल से एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल भेजा गया। अस्पताल पहुंचते ही घायलों का इलाज शुरू कर दिया गया। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं, शहीद जवानों के पार्थिव शरीर भी एंबुलेंस के जरिए अस्पताल लाए गए, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
इस हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह इस दुर्घटना से बेहद दुखी हैं और इस कठिन समय में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ एकजुटता और समर्थन में खड़ा है। उन्होंने बताया कि घायल सैनिकों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया है और वरिष्ठ अधिकारियों को बेहतरीन इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हादसे पर शोक जताते हुए शहीद जवानों के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने त्वरित बचाव और निकासी प्रयासों की सराहना की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दुखी परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं और घायल सैनिकों को लगातार मेडिकल केयर दी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सबसे अच्छा इलाज सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी निर्देश दिए गए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने डोडा से आई इस दुखद खबर पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और वह घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि सेना की गाड़ी के इस हादसे के बारे में जानकर उन्हें बेहद दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि हर मुमकिन मेडिकल मदद दी जा रही है और हमारे बहादुर जवानों के प्रति श्रद्धा प्रकट करने के लिए शब्द भी कम पड़ जाते हैं। यह हादसा एक बार फिर देश की रक्षा में तैनात जवानों के साहस और बलिदान को उजागर करता है।।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।