1857 की क्रांति के वीरों को समर्पित साइकिल अभियान, 21 जनवरी को पहुंचेगा ग्रेटर नोएडा

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (16 जनवरी 2024): भारतीय गणतंत्र के 75वें वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एनसीसी निदेशालय उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में “संग्राम 1857” नामक एक विशेष साइकिल अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक अभिनव प्रयास है।

यह साइकिल यात्रा मेरठ से शुरू होकर 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के ऐतिहासिक युद्ध स्थलों से होते हुए 1900 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस अद्वितीय अभियान का समापन 28 जनवरी 2025 को देश की राजधानी नई दिल्ली में होगा। इस यात्रा में एनसीसी के 14 सीनियर डिवीजन कैडेट्स शामिल हैं, जिनमें 6 महिला कैडेट्स भी शामिल हैं।

अभियान का मार्ग मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, हरदोई, लखनऊ, जौनपुर, झांसी, ग्वालियर, आगरा और मथुरा जैसे ऐतिहासिक स्थलों से होकर गुजरेगा। इन स्थानों का चयन उन स्थलों के रूप में किया गया है, जहां 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान महत्वपूर्ण घटनाएं घटी थीं।

21 जनवरी 2025 को यह अभियान ग्रेटर नोएडा के शारदा विश्वविद्यालय पहुंचेगा। इस अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 1:30 बजे किया जाएगा। स्थानीय जनमानस को इस ऐतिहासिक यात्रा से जोड़ने और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मीडिया कवरेज की महत्त्वपूर्ण भूमिका होगी।

एनसीसी निदेशालय ने मीडिया संस्थानों से अपील की है कि वे इस आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज कर इस प्रयास को व्यापक स्तर पर प्रचारित करें, ताकि देश के नागरिकों के बीच स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान का संदेश पहुंच सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।