घने कोहरे की चादर में दिल्ली-एनसीआर, AQI 400 के पार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (19 January 2026): राजधानी दिल्ली और एनसीआर में सोमवार को भी घना कोहरा और शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रही, जिससे सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। ऑफिस जाने वाले लोगों और स्कूल बसों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कोहरे के चलते कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही, वहीं ठंडी हवाओं ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। मौसम विभाग ने पहले ही घने कोहरे और शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया था, जो अब जमीनी स्तर पर असर दिखाता नजर आ रहा है।

आईजीआई एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित

घने कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी साफ दिखाई दिया। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें लेट हो गईं। कम दृश्यता के कारण पायलटों को लैंडिंग और टेकऑफ में अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी। यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा, जिससे असुविधा बढ़ी। एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह दी गई है। आने वाले घंटों में कोहरा बना रहने पर और देरी की आशंका जताई जा रही है।

ग्रेप-4 लागू, फिर भी हवा बेहद खराब

एक ओर जहां मौसम की मार जारी है, वहीं दूसरी ओर प्रदूषण ने भी हालात गंभीर बना दिए हैं। ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP-4) लागू होने के बावजूद दिल्ली की हवा खतरनाक स्तर पर बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सोमवार सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 418 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। इससे पहले रविवार को AQI 440 और शनिवार को 400 रिकॉर्ड किया गया था, यानी हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

कई इलाकों में AQI 450 के पार

दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता बेहद गंभीर बनी हुई है। आनंद विहार में AQI 462, रोहिणी में 471 और बुराड़ी में 460 दर्ज किया गया है। चांदनी चौक में 454, मुंडका में 467 और नजफगढ़ में 446 AQI रिकॉर्ड हुआ। आरके पुरम में 439, द्वारका में 427 और बवाना में 448 रहा, जबकि अलीपुर में AQI 395 दर्ज किया गया। आंकड़ों के मुताबिक रोहिणी फिलहाल सबसे खराब वायु गुणवत्ता वाला इलाका बना हुआ है।

एनसीआर शहरों में भी हालात चिंताजनक

दिल्ली से सटे एनसीआर के शहरों में भी प्रदूषण का स्तर बेहद खराब है। नोएडा में AQI 430 और ग्रेटर नोएडा में 402 दर्ज किया गया है। गाजियाबाद में स्थिति और भी गंभीर है, जहां AQI 458 तक पहुंच गया। वहीं गुरुग्राम में AQI 378 रहा, जो भले ही दिल्ली के मुकाबले थोड़ा कम है, लेकिन अब भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, कम हवा की रफ्तार और कोहरे की वजह से प्रदूषक कण वातावरण में फंसे हुए हैं।

23 जनवरी को बारिश की उम्मीद, मिल सकती है राहत

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में 23 जनवरी को तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में कुछ गिरावट के साथ प्रदूषण से भी आंशिक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि, अगले चार दिनों तक तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी का अनुमान है। फिलहाल लोगों को कोहरे, ठंड और प्रदूषण तीनों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।