गोरखपुर में महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का सीएम योगी ने किया शुभारंभ

टेन न्यूज नेटवर्क

Gorakhpur News (16/01/2026): गोरखपुर की पावन धरा पर आयोजित पूर्वी क्षेत्र अंतर–विश्वविद्यालय बास्केटबॉल (महिला) प्रतियोगिता–2025–26 का औपचारिक शुभारंभ शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत शिवावतारी महायोगी गुरु गोरखनाथ जी के वंदन के साथ हुई, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का स्वागत किया और खेल विवरणिका का विमोचन किया। सीएम योगी ने कहा कि भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा ‘शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्’ यह संदेश देती है कि जीवन के सभी कार्यों की सफलता स्वस्थ शरीर पर निर्भर करती है। उन्होंने युवाओं को खेलकूद को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जो युवा खेलों में सक्रिय होगा, वह नशे, नकारात्मक प्रवृत्तियों और सामाजिक विकृतियों से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देगा।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से अपील की कि वे किसी एक खेल को गोद लें और उससे जुड़ी प्रतिभाओं को तराशने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि खेल स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और टीम भावना का विकास करते हैं और यही गुण देश को 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य तक ले जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बीते वर्षों में खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर को बड़े पैमाने पर विकसित किया गया है। ग्राम पंचायत स्तर पर खेल मैदान और ओपन जिम, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और जिला स्तर पर बड़े स्टेडियमों के निर्माण की दिशा में तेज़ी से काम हुआ है। इसके साथ ही 96,000 से अधिक युवक मंगल दलों और महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराई गई है, ताकि खेल गतिविधियां केवल औपचारिकता न रहकर लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन सकें।

सीएम योगी ने कहा कि, मेरठ में बनाई गई प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खेलों को नई दिशा दे रही है और यह क्षेत्र अब खेल उपकरण निर्माण का बड़ा केंद्र बन चुका है। उन्होंने बताया कि सरकार खिलाड़ियों के सम्मान और प्रोत्साहन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश में अब तक 500 से अधिक मेडल विजेता खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। ओलंपिक और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए पुरस्कार राशि में भी बड़े बदलाव किए गए हैं, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा है। व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता को 6 करोड़ रुपये और क्लास वन की नौकरी, टीम स्वर्ण पदक विजेता को 3 करोड़ रुपये, और रजत व कांस्य पदक विजेताओं को भी करोड़ों की राशि प्रदान करने की व्यवस्था राज्य सरकार ने की है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि, वर्ष 2014 के बाद देश में खेलों को नई पहचान मिली है। खेलो इंडिया, फिट इंडिया और सांसद खेल प्रतियोगिता जैसे अभियानों ने गांव–गांव में खेल प्रतिभाओं को मंच दिया है और खेल संस्कृति को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए प्रयासरत है, जबकि 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स देश में आयोजित होने जा रहे हैं। इन बड़े आयोजनों को ध्यान में रखते हुए सभी राज्यों और खिलाड़ियों को अभी से तैयारी में जुटना चाहिए, ताकि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत अधिक से अधिक पदक जीत सके।

आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्ता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने गुरु गोरखनाथ की परंपरा, चौरीचौरा आंदोलन, गीता प्रेस की भूमिका और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान की चर्चा की। उन्होंने कहा कि गोरखपुर हमेशा से विचार, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा का केंद्र रहा है। अंत में मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल सभी 14 राज्यों की महिला खिलाड़ियों का स्वागत किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेलों से आत्मविश्वास बढ़ता है, शरीर और मन स्वस्थ रहते हैं और यही शक्ति विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका साबित होगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।