गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (16 January 2026): गणतंत्र दिवस 2026 से पहले राजधानी की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बनाने और सप्लाई करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। स्पेशल स्टाफ टीम ने इस ऑपरेशन में पांच कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनका आपराधिक इतिहास हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों से जुड़ा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, 26 जनवरी के मद्देनज़र जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली कि अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़ा एक आरोपी कापसहेड़ा इलाके में आने वाला है। 4 जनवरी को पुलिस टीम ने राजोकरी टी-पॉइंट के पास जाल बिछाया और भारत उर्फ भारू को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

दक्षिण-पश्चिम जिले के एडीसीपी अभिमन्यु पोसवाल ने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस पर कापसहेड़ा थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अवैध हथियार बनाने वाले पूरे नेटवर्क की जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के कैलि गांव में छापा मारकर एक पूरी तरह से चालू अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। यहां से अशरफ अली, उपेंद्र और सतीश को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कुख्यात बदमाशों और गैंगस्टरों को ऑन-डिमांड हथियार सप्लाई करता था।

जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने हथियारों की सप्लाई में शामिल एक अन्य आरोपी इम्तेयाज़ को द्वारका इलाके से गिरफ्तार किया। एडीसीपी पोसवाल ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी पहले भी कई संगीन अपराधों में शामिल रह चुके हैं और जेल से बाहर आने के बाद दोबारा अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गए थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 आधुनिक देसी पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली भारी मशीनरी व औज़ार जब्त किए हैं। बरामद सामान में लोहे के बैरल, ग्राइंडर, वेल्डिंग रॉड सहित अन्य उपकरण शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध हथियारों की सप्लाई पर बड़ा प्रहार हुआ है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।