New Delhi News (16 January 2026): भारत के 77वें गणतंत्र दिवस को पूरी तरह सुरक्षित और घटनामुक्त बनाने के लिए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को और तेज कर दिया है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय में एक अहम अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने की।
दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (क्राइम व परसेप्शन मैनेजमेंट) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य गणतंत्र दिवस समारोह से पहले कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय करने के लिए सभी एजेंसियों के बीच समन्वय बेहद जरूरी है।
इस बैठक में हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड, बिहार, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा केंद्रीय खुफिया और प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारी, दिल्ली पुलिस के ट्रैफिक, लॉ एंड ऑर्डर, क्राइम, स्पेशल सेल, इंटेलिजेंस और प्रोटेक्टिव सिक्योरिटी डिविजन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

विशेष आयुक्त के अनुसार, बैठक में आतंकवाद विरोधी रणनीतियों, सीमाओं पर सख्त निगरानी, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन पर विस्तृत चर्चा हुई। ड्रोन, पैराग्लाइडर और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं के संभावित दुरुपयोग को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया। साथ ही एनसीआर में सक्रिय अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोहों, अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर भी रणनीति बनाई गई।
दिल्ली पुलिस आयुक्त ने साइबर अपराध, नारकोटिक्स और संगठित अपराधों के खिलाफ आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। सोशल मीडिया की निगरानी बढ़ाने और कानून से संघर्षरत किशोरों की पहचान कर संयुक्त कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। पुलिस आयुक्त ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से सहयोग बनाए रखने की अपील की, ताकि गणतंत्र दिवस के दौरान राजधानी और एनसीआर पूरी तरह सुरक्षित रह सके।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।