दिल्ली में कला एवं संस्कृति का होगा अद्भुत संगम: “शब्दोत्सव 2026” का भव्य आयोजन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (29 December 2025): दिल्ली में आयोजित होने जा रहे भव्य साहित्यिक और सांस्कृतिक महोत्सव ‘दिल्ली शब्दोत्सव’ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम के पोस्टर लॉन्च के बाद कैबिनेट सहयोगी एवं पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा के नेतृत्व में आयोजकों की टीम से मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शब्दोत्सव जैसे आयोजन दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य करेंगे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि 2 से 4 जनवरी तक मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में दिल्ली सरकार और सुरुचि प्रकाशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘दिल्ली शब्दोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय महोत्सव में देश के प्रतिष्ठित विचारक, लेखक, बुद्धिजीवी और वक्ता सहभाग करेंगे। कार्यक्रम के दौरान साहित्य, संस्कृति और समकालीन विमर्श से जुड़े कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित होंगे।

इस अवसर पर दिल्ली सरकार में शिक्षा मंत्री आशीष सूद, विधायक अभय वर्मा, राजकुमार भाटिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ऐसे आयोजनों के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा, भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

दिल्ली सचिवालय में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह दिल्ली का अब तक का सबसे बड़ा साहित्यिक उत्सव होगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता करेंगी। इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आम्बेकर सहित 100 से अधिक वक्ता, लेखक और युवा आइकन अपने विचार साझा करेंगे।

शब्दोत्सव में सिर्फ साहित्यिक चर्चाएं ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की भी खास धूम रहेगी। भरतनाट्यम और कथक जैसे शास्त्रीय नृत्य, भजन संध्या, कवि सम्मेलन और प्रसिद्ध कवियों की प्रस्तुतियां कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होंगी। इसके साथ ही सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए एक विशेष दीर्घा भी बनाई जा रही है, जहां आगंतुक आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।

मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि महोत्सव के दौरान 40 से अधिक नई पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा, जो साहित्य जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी। शब्दोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारतीय विरासत और विचार परंपरा से जोड़ना है। इसके लिए ‘यूथ वॉइसेस’ जैसे विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और तीन दिनों तक चलने वाला यह आयोजन ‘भारत की विचार यात्रा’ को सशक्त रूप में प्रस्तुत करेगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।