लखनऊ में 52 ब्राह्मण विधायकों की गुप्त जुटान, सहभोज या सियासी संदेश?

टेन न्यूज नेटवर्क

Uttar Pradesh News (24 December 2025): उत्तर प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र चल रहा है और सभी दलों के विधायक इन दिनों राजधानी लखनऊ में मौजूद हैं। इसी बीच मंगलवार शाम एक ऐसी राजनीतिक हलचल देखने को मिली, जिसने सर्द मौसम में भी सियासी तापमान बढ़ा दिया। कुशीनगर से भाजपा विधायक पंचानंद पाठक के लखनऊ स्थित आवास पर 50 से अधिक ब्राह्मण विधायक और विधान परिषद सदस्य बंद कमरे में एकत्र हुए। इस जुटान को औपचारिक तौर पर “सहभोज” बताया गया, लेकिन इसकी टाइमिंग और संख्या ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को तेज कर दिया है।

इस सहभोज में भाजपा के साथ-साथ अन्य दलों के भी ब्राह्मण विधायक और एमएलसी शामिल हुए। खास बात यह रही कि इसमें पूर्वांचल और बुंदेलखंड क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की संख्या अधिक थी। बंद कमरे में हुई इस बैठकनुमा जुटान के बाद सवाल उठने लगे कि क्या यह सिर्फ भोजन तक सीमित थी या इसके पीछे कोई सियासी मंथन भी हुआ।

मिर्ज़ापुर नगर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रत्नाकर मिश्रा ने इस आयोजन को लेकर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि कुशीनगर विधायक पंचानंद पाठक ने यह सहभोज आयोजित किया था, जिसमें लगभग चार दर्जन ब्राह्मण विधायक शामिल हुए। उनके अनुसार, इस दौरान किसी भी प्रकार की राजनीतिक चर्चा नहीं हुई, सभी ने साथ बैठकर भोजन किया और फिर अपने-अपने रास्ते चले गए। उन्होंने इसे एक सामान्य सामाजिक आयोजन बताया।
इस सहभोज में मिर्ज़ापुर नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा के साथ एमएलसी शलभमणि त्रिपाठी और उमेश द्विवेदी भी मौजूद रहे। ये सभी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी माने जाते हैं, जिससे इस जुटान को लेकर सियासी अटकलें और तेज हो गईं।

गौरतलब है कि इससे पहले यूपी विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान भी ऐसा ही एक आयोजन चर्चा में रहा था, जब ठाकुर विधायकों का एक जुटान “कुटुंब” नाम से हुआ था। उस समय भी भाजपा और अन्य दलों के ठाकुर विधायक शामिल हुए थे और उसे पारिवारिक मिलन बताया गया था। मौजूदा ब्राह्मण विधायकों की यह गोलबंदी उसी कड़ी का जवाब मानी जा रही है।

हालांकि आयोजकों और शामिल विधायकों का कहना है कि यह सिर्फ एक सहभोज था, लेकिन विधानसभा सत्र के बीच इस तरह की बंद कमरे की जुटान ने राजनीतिक हलकों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में इसका कोई सियासी असर दिखाई देता है या यह मामला यहीं शांत हो जाता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।